RailTel Share Price: ब्रॉडबैंड और वीपीएन सर्विसेज मुहैया कराने वाली दिग्गज कंपनी रेलटेल (RailTel) के शेयरों में आज खरीदारी का शानदार रुझान दिख रहा है। रेलटेल को 287.57 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है, जिसके चलते निवेशक धड़ाधड़ खरीदारी कर रहे हैं। इस खरीदारी के चलते आज इंट्रा-डे में यह करीब 5 फीसदी उछलकर 110.05 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी सुस्ती आई लेकिन अभी भी यह मजबूत स्थिति में है। इसके शेयर अभी 2.81% फीसदी के उछाल के साथ 108.05 रुपये के भाव (RailTel Share Price) पर ट्रेड हो रहे हैं।
RailTel को किससे मिला है सौदा
रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया को सेंटर फॉर डेवलमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग से यह ऑर्डर मिला है। इसके तहत रेलटेल नई दिल्ली और बेंगलुरू के ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर्स में आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर के सप्लाई, इंस्टॉलेशन, इंटीग्रेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग के लिए सौदा हुआ है। इसके तहत रेलटेल ट्रेनिंग और सपोर्ट सर्विसेज भी देगी। एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने जो जानकारी भेजी है, उसके मुताबिक यह ऑर्डर 300 दिनों के भीतर पूरा करना है।
घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के मुताबिक रेलटेल ने सरकारी और निजी कंपनियों के प्रोजेक्ट में प्रतिस्पर्धा बढ़ा दिया है। इसके चलते अब यह मार्जिन की बजाय वॉल्यूम के आधार पर कांट्रैक्ट्स हासिल करने की स्ट्रैटजी पर काम कर रही है। इससे प्रोजेक्ट बिजनेस में कंपनी को अपना EBIT बढ़ाने में मदद मिलेगी।
ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक अभी तक टॉवर इत्यादि लगाने के लिए रेलवे के इंफ्रा प्रोजेक्ट्स में निजी कंपनियों की एंट्री नहीं थी तो रेलटेल फायदे में थी लेकिन अब निजी कंपनियों की एंट्री से इसमें कॉम्पटीशन बढ़ गया है। हालांकि रेलटेल का मानना है कि यह फिलहाल मजबूत स्थिति में है और पियर्स की तुलना में बेहतर कैपिटल एक्सपेंडिचर कर सकती है।