Rakesh Jhunjhunwala Portfolio: टाटा मोटर्स (Tata Motors) के शेयरों में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन तेजी देखी गई और यह 3.70 फीसदी की उछाल के साथ 431.75 रुपये के भाव पर बंद हुआ। Tata Motors के शेयरों ने पिछले एक साल में अपने निवेशकों को करीब 40 फीसदी का रिटर्न दिया है। जबकि इस अवधि में निफ्टी में 2.35 फीसदी और निफ्टी बैंक में करीब 15.66 की तेजी देखी गई है।
क्यों चढ़ रहा है शेयरों का भाव?
चीन की सरकार ने अपने देश में ऑटो कंपनियों की खपत को बढ़ाने में सहयोग देने का वादा किया है। इसके बाद चीनी ऑटोमोबाइल कंपनियों और ऑटो कंपोनेंट्स बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में उछाल देखी गई। चीन के कार मार्केट में सुधार की खबर Tata Motors की सब्सडियरी जगुआर लैंड रोवर (JLR) के लिए काफी अच्छी मानी जा रही है, क्योंकि इसकी अधिकतर बिक्री चीन से ही आती है।
क्या आपको करना चाहिए इसमें निवेश?
घरेलू ब्रोकरेज फर्म ICICI डायरेक्ट (ICICI Direct) ने टाटा मोटर्स के शेयरों को 'BUY' रेटिंग दी है और इसके लिए 500 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह टाटा मोटर्स के मौजूदा बाजार भाव से करीब 16 फीसदी अधिक है। ट्रेंडलाइन के मुताबिक टाटा मोटर्स को ब्रोकरेज की तरफ से औसत टारगेट प्राइस 498 रुपये मिला हुआ है।
Swastika Investmart के पुनीत पाटनी का कहना है कि टाटा मोटर्स के फंडामेटल्स मजबूत हैं, जो इसके शेयरों में पंख लगा सकते हैं। उन्होंने बताया, "टाटा मोटर्स ने इलेक्ट्रि सेगमेंट में सबसे पहले बड़े स्तर पर कदम रखा और इस EV ट्रांजिशन का कंपनी को काफी फायदा मिलने की उम्मीद है। कंपनी में मैनेजमेंट के बदलाव के व्यापक परिवर्तन देखे गए हैं और इसने अपने शानदार प्रोडक्ट ऑफर्स के जरिए मार्केट शेयर भी बढ़ाया है। कस्टमर्स अब सेफ्टी फीचर्स के प्रति अधिक जागरुक हो रहे हैं और कंपनी इस ट्रेंड का भी फायदा उठाने में कामयाब रही है।"
उन्होंने आगे कहा, "कंपनी के सभी नए प्रोडक्ट्स क्रैश टैस्ट्स में अच्छी रेटिंग मिली है। इसके अलावा दूसरी छमाही में सेमीकंडक्टर की किल्लत कम होने से इसके JLR और ईवी सेगमेंट का फायदा मिलेगा।" पुनीत ने कहा टाटा मोटर्स घरेलू और विदेशी दोनों बाजारों में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयार है, ऐसे में निवेशक टाटा मोटर्स को अपने पोर्टफोलियो में शामिल करने पर विचार कर सकते हैं।
Rakesh Jhunjhunwala की टाटा मोटर्स में शेयरहोल्डिंग
टाटा मोटर्स के मार्च तिमाही तक के शेयर होल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला के पास कंपनी के 3,92,50,000 शेयर या 1.18 फीसदी हिस्सेदारी थी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।