RBL Bank धड़ाम, मार्च तिमाही के रिजल्ट के बाद मैनेजमेंट ने दी चेतावनी तो 5% टूटे शेयर

RBL Bank Shares: लगातार तीन कारोबारी दिनों की गिरावट के बाद सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) आज ग्रीन हुए तो दूसरी तरफ आरबीएल बैंक के शेयर धड़ाम हो गए। इसकी वजह मार्च 2026 तिमाही के नतीजे के बाद बैंक के मैनेजमेंट की चेतावनी है। जानिए बैंक के मैनेजमेंट ने किन बातों को लेकर सतर्क किया है और ब्रोकरेजेज का क्या रुझान है

अपडेटेड Apr 27, 2026 पर 3:58 PM
Story continues below Advertisement
मार्च 2025 तिमाही में RBL Bank की ब्याज से शुद्ध इनकम यानी NII सालाना आधार पर 6.9% बढ़कर ₹1,671 करोड़ पर पहुंच गया तो शुद्ध मुनाफा तीन गुना से अधिक बढ़कर ₹230 करोड़ पर पहुंच गया।

RBL Bank Shares: प्राइवेट सेक्टर के दिग्गज लेंडर आरबीएल बैंक के शेयरों में आज बिकवाली का तेज दबाव दिखा। इसकी वजह मैनेजमेंट की एक चेतावनी है जिसमें इसने कहा है कि वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में उसके क्रेडिट कार्ड बिजनेस पर दबाव बना रहेगा। बैंक के मैनेजमेंट ने यह चेतावनी पोस्ट-अर्निंग्स कॉल में दी। इस चेतावनी की आंच में आरबीएल बैंक के शेयर आज धड़ाम हो गए। आज बीएसई पर यह 2.83% की गिरावट के साथ ₹312.75 के भाव (RBL Bank Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 4.96% फिसलकर ₹305.90 तक आ गया था।

RBL Bank के मैनेजमेंट ने क्या कहा?

आरबीएल बैंक के मैनेजमेंट ने इस वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में क्रेडिट कार्ड से जुड़े दबाव के हाई बने रहने की चेतावनी दी है लेकिन साथ ही यह भी कहा है कि दूसरी छमाही से इसमें स्पष्ट सुधार दिखने की उम्मीद है। दूसरी छमाही में मैनेजमेंट का मानना है कि क्रेडिट कार्ड स्लिपेज 7%-7.5% के लेवल तक आ सकता है, जबकि क्रेडिट कॉस्ट 5.5% रहने का अनुमान है। मैनेजमेंट का कहना है कि वित्त वर्ष 2027 में डिपॉजिट ग्रोथ सुस्त रह सकती है क्योंकि एमिरेट्स एनबीडी के निवेश के बाद यह अधिक खर्च वाले डिपॉजिट्स को जुटाने पर ध्यान नहीं देगा। बैंक के मुताबिक इसकी डिपॉजिट ग्रोथ सिंगल या लो-डबल डिजिट्स में रह सकती है। बैंक का यह भी कहना है कि माइक्रोफाइनेंस से जुड़ा दबाव अपने चरम पर पहुंच चुका है और जैसे-जैसे कम स्लिपेज का प्रभाव दिखेगा, प्रोविजंस में कमी आनी शुरू हो सकती है।


क्या कहना है ब्रोकरेज फर्म का?

वैश्विक ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए का कहना है कि आरबीएल बैंक के लिए मार्च तिमाही अच्छी नहीं रही क्योंकि इसका शुद्ध मुनाफा उनकी उम्मीद से 20% कम रहा। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक अच्छी बात सिर्फ ये रही कि लोन और डिपॉजिट्स में ग्रोथ दिखी है। ब्रोकरेज फर्म ने ₹320 के टारगेट प्राइस पर होल्ड रेटिंग दी है। एक और ब्रोकरेज फर्म सिटी ने ₹390 के टारगेट प्राइस पर इसकी खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज फर्म ने वित्त वर्ष 2027 के लिए मार्जिन और फीस से इनकम के अनुमान में कमी के चलते बैंक की कमाई के अनुमान में 3% की कटौती कर दी है। एमेरिट्स एनबीडी का इक्विटी निवेश और क्रेडिट कॉस्ट नॉर्मलाइजेशन इसके शेयरों को दूसरी छमाही में तगड़ा सपोर्ट दे सकता है। ओवरऑल बात करें तो इसे कवर करने वाले 22 एनालिस्ट्स में से 12 ने इसे खरीदारी, 6 ने होल्ड और चार ने सेल रेटिग दी है।

एक साल में कैसी रही आरबीएल बैंक के शेयरों की चाल?

आरबीएल बैंक के शेयरों ने निवेशकों की फटाफट तगड़ी कमाई कराई है। पिछले साल 25 अप्रैल 2025 को बीएसई पर यह ₹186.85 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 10 महीने में यह 82.12% चढ़कर 19 फरवरी 2026 को ₹340.30 पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।

RBL Bank Q4 Results: मुनाफे में 234% का बंपर उछाल, NII 7% बढ़ी; डिविडेंड घोषित

Sun Pharma खरीद रही अमेरिका में लिस्टेड कंपनी, इन फायदों पर शेयर बने रॉकेट

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।