Refex Industries Shares: रिफेक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों में आज 23 सितंबर को 17 फीसदी से अधिक की जोरदार तेजी देखने को मिली। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि कंपनी के बोर्ड ने अपनी ग्रीन मोबिलिटी बिजनेस यूनिट का डीमर्जर करने के लिए एक कंपोजिट स्कीम ऑफ अमलगमेशन और अरेंजमेंट को मंजूरी दे दी है। चेन्नई मुख्यालय वाली कंपनी 22 सितंबर को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया कि इस प्रस्तावित योजना के तहत पहले उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, रेफेक्स ग्रीन मोबिलिटी लिमिटेज (RGML) का मर्जर रिफेक्स इंडस्ट्रीज में किया जाएगा।
इस मर्जर के पूरा होने के बाद ग्रीन मोबिलिटी बिजनेस को अलग करके एक नई कंपनी 'रिफेक्स मोबिलिटी लिमिटेड (RML)' बनाई जाएगी। इस नई कंपनी को बीएसई और एनएसई दोनों पर स्वतंत्र रूप से लिस्ट करने की योजना भी कंपनी ने बताई है।
बयान में कहा गया है कि रिफेक्स इंडस्ट्रीज अब अपनी कोर बिजनेस गतिविधियों जैसे ऐश और कोल हैंडलिंग पर फोकस बढ़ाएगी। वहीं नई कंपनी RML टिकाऊ और स्वच्छ मोबिलिटी सॉल्यूशंस को विकसित करने पर फोकस करेगी।
प्रस्तावित योजना के मुताबिक, Refex Industries के शेयरधारकों को RML में भी उनके मौजूदा शेयरहोल्डिंग के अनुपात में (1:1) इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। यानी अगर निवेशक के पास Refex Industries का एक शेयर है, तो उन्हें RML का भी एक शेयर मिलेगा। इससे दोनों कंपनियों के बीच एक ‘मिरर शेयरहोल्डिंग स्ट्रक्चर’ बन जाएगा।
कंपनी ने कहा कि इस स्कीम के लागू करने के लिए अभी सेबी, एनसीएलटी, शेयरधारकों, लेनदारों और संबंधित स्टॉक एक्सचेंज की मंजूरी लिया जाना बाकी है।
रिफेक्स इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल जैन ने कहा, “यह रीस्ट्रक्चरिंग हमारी ग्रोथ स्टोरी में एक बड़ा माइलस्टोन है। ग्रीन मोबिलिटी बिजनेस के लिए एक अलग लिस्टेड प्लेटफॉर्म बनाकर हम अपने फोकस को और तेज करेंगे, शेयरधारकों के लिए वैल्यू अनलॉक करेंगे और स्वच्छ, टेक्नोलॉजी-आधारित अर्बन कॉरपोरेट ट्रांसपोर्ट को लेकर अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करेंगे।”
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।