Reliance Industries Shares: रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों को कंपनी की 47वीं सालाना जनरल मीटिंग से पहले दो शानदार खबरें मिली। पहली खबर यह है कि कॉम्पिटीशन कमीशन ऑफ इंडिया (CII) ने डिज्नी-हॉटस्टार और जियो सिनेमा के मर्जर को मंजूरी दे दी है। वहीं दूसरी खबर यह है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज का बोर्ड 5 सितंबर को होने वाली बैठक में 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर (Bonus Share) जारी करने पर विचार करेगा। साल 2017 के बाद से यह पहला मौका है, जब रिलायंस इंडस्ट्रीज बोनस शेयर जारी करने जा रही है। उस समय भी कंपनी ने 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी किए थे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने सालाना जनरल मीटिंग में कहा, "जब रिलायंस बढ़ता है, तो हम अपने शेयरधारकों को अच्छा इनाम देते हैं। और जब हमारे शेयरधारकों को अच्छा इनाम मिलता है, तो रिलायंस तेजी से बढ़ता है और अधिक वैल्यू बनता है।"
वेंचुरा सिक्योरिटीज के विनीत बोलिंजकर के मुताबिक, "बोनस इश्यू यह साफ संकेत देता है कि कंपनी आने वाले समय में भी अपनी अर्निंग ग्रोथ के मजबूत बने रहने की उम्मीद कर रही है और शेयरधारकों को उनके लॉयल्टी के बदले इनाम देने के लिए तैयार है। हालांकि, यह कंपनी के मार्केट कैप पर बड़ा असर नहीं डालेगा, लेकिन निवेशकों में यह एक पॉजिटिव संदेश जरूर देगा।"
मार्केट एनालिस्ट अंबरीश बालिगा का मानना है कि यह कदम रिलायंस इंडस्ट्रीज के स्टॉक की कीमत के लिए सेंटिमेंटली पॉजिटिव होगा। हालांकि, इसका कंपनी के फंडामेंटल्स पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा, लेकिन निवेशकों में इसे लेकर उत्साह जरूर बढ़ेगा।
टेक्निकल एनालिसिस के हिसाब से, रिलायंस इंडस्ट्रीज का स्टॉक फिलहाल एक न्यूट्रल स्थिति में है, जहां से इसका रुख ऊपर या नीचे जा सकता है। विनीथ बोलिंजकर के मुताबिक, रिलायंस का शेयर 3,400 रुपये प्रति शेयर तक पहुंच सकता है, जो इसके मौजूदा बाजार भाव से करीब 15% तेजी का संकते देता है।
वहीं रेलिगेयर ब्रोकिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, अजीत मिश्रा का कहना है कि अगर रिलायंस का स्टॉक 3,050 रुपये के ऊपर बंद होता है, तो आगे और तेजी की उम्मीद की जा सकती है। सबसे पहले इसे 3,100 रुपये का स्तर पार करना होगा, उसके बाद यह 3,200 रुपये तक पहुंच सकता है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।