रिलायंस पावर के शेयरों में 23 सितंबर को 5 पर्सेंट का अपर सर्किट लग गया। कंपनी के बोर्ड की बैठक से पहले कंपनी के शेयरों में तेजी देखने को मिली। बोर्ड की बैठक में घरेलू और ग्लोबल बाजारों से लॉन्ग टर्म संसाधन जुटाने पर विचार किए जाने का प्रस्ताव है। कंपनी के शेयरों में लगातार आठवें सत्र में तेजी देखने को मिली है। कंपनी का मार्केट कैपिटल बढ़कर 15,328 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जबकि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में 23 सितंबर को कंपनी की कुल ट्रेडिंग वॉल्यूम 1 करोड़ शेयर तक पहुंच गई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में 23 सितंबर को कंपनी का शेयर 4.98 पर्सेंट की बढ़त के साथ 38.15 रुपये पर बंद हुआ।
