डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, रिलायंस टेक्सास में अमेरिका की पहली तेल रिफाइनरी लगाने में करेगी मदद

ट्रंप ने कहा कि यह नई रिफाइनरी अमेरिकी बाज़ारों को बढ़ावा देने में मदद देगी और एनर्जी प्रोडक्शन को बढ़ावा देने के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा को भी मज़बूत करेगी। रिलायंस टेक्सास में अमेरिका की इस पहली तेल रिफाइनरी को लगाने में मदद करेगी

अपडेटेड Mar 11, 2026 पर 8:39 AM
US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को टेक्सास के ब्राउन्सविले में एक तेल रिफाइनरी खोलने का एलान किया और इसे अमेरिकी वर्कर्स के लिए एक बड़ी जीत बताया

US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को टेक्सास के ब्राउन्सविले में एक तेल रिफाइनरी खोलने का एलान किया और इसे अमेरिकी वर्कर्स के लिए एक बड़ी जीत बताया। ट्रुथ सोशल से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि नई रिफाइनरी अमेरिकी बाज़ारों को ईंधन उपलब्ध करवाएगी और राष्ट्रीय सुरक्षा को मज़बूत करेगी,साथ ही इससे एनर्जी प्रोडक्शन को भी बढ़ावा मिलेगा।

ट्रंप ने लिखा,"अमेरिका असली एनर्जी दबदबे की ओर लौट रहा है! आज मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि अमेरिका फर्स्ट रिफाइनिंग,ब्राउन्सविले,टेक्सास में 50 साल में पहली नई U.S. ऑयल रिफाइनरी खोल रही है। यह एक ऐतिहासिक 300 अरब डॉलर की डील है, U.S. इतिहास की सबसे बड़ी,अमेरिकी वर्कर्स,एनर्जी और साउथ टेक्सास के महान लोगों के लिए एक बड़ी जीत!"

ट्रंप ने रिलायंस के प्रति जताया आभार 


उन्होंने कहा, “इस ज़बरदस्त इन्वेस्टमेंट के लिए भारत में हमारे पार्टनर्स और उनकी सबसे बड़ी प्राइवेट एनर्जी कंपनी, रिलायंस को धन्यवाद।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि नई रिफाइनरी से अरबों डॉलर का आर्थिक फायदा होगा और इस इलाके में हज़ारों नौकरियां पैदा होंगी।

उन्होंने कहा,"यह सब हमारे अमेरिका फर्स्ट एजेंडा,परमिट को आसान बनाने और टैक्स कम करने की वजह से हो रहा है। इन नीतियो की वजह से हमारे देश में अरबों डॉलर की डील वापस आ रही हैं। ब्राउन्सविले पोर्ट पर एक नई रिफाइनरी,US मार्केट को बढ़ावा देगी,हमारी नेशनल सिक्योरिटी को मज़बूत करेगी, अमेरिकन एनर्जी प्रोडक्शन को बढ़ाएगी और अरबों डॉलर का इकोनॉमिक फायदा पहुंचाएगी। यह दुनिया की सबसे साफ़ रिफाइनरी होगी। यह ग्लोबल एक्सपोर्ट को बढ़ावा देगी,और उस इलाके में हज़ारों नौकरियां और ग्रोथ लाएगी जो इसके लायक है। अमेरिका फर्स्ट,हमेशा!"

 2026 की दूसरी तिमाही में काम शुरू होने की उम्मीद

इस प्रोजेक्ट से संबंधित कंपनी अमेरिका फर्स्ट रिफाइनिंग ने एक बयान में कहा कि यह रिफाइनरी टेक्सास के ब्राउन्सविले पोर्ट पर होगी और देश के लॉन्ग टर्म एनर्जी दबदबे को काफी मजबूत करेगी। कंपनी ने कहा कि उसे 2026 की दूसरी तिमाही में काम शुरू होने की उम्मीद है।

वेस्ट एशिया  संकट ने बढ़ाई दिक्कत

यह खबर ऐसे समय आई है जब वेस्ट एशिया की लड़ाई ईरान से आगे बढ़ गई है और तेहरान जवाबी मिसाइल और ड्रोन हमले में UAE,सऊदी अरब,कतर, कुवैत,बहरीन और जॉर्डन जैसे खाड़ी देशों में US मिलिट्री बेस,डिप्लोमैटिक मिशन और सिविलियन और एनर्जी फैसिलिटी को निशाना बना रहा है। इस लड़ाई की वजह से ग्लोबल एनर्जी मार्केट में भी बड़ा संकट पैदा हो गया है।

कच्चा तेल धड़ाम! ट्रंप के बयान के बाद 10% टूटा भाव, अमेरिकी शेयर बाजार में दिखा उछाल

व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने दिया तेल की कीमतें कम होने का भरोसा

मंगलवार को एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान,व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि तेल और गैस की कीमतें जल्द ही कम हो जाएंगी और शायद 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' शुरू होने से पहले की कीमतों से भी नीचे आ जाएंगी। लेविट ने मीडिया से कहा,"अमेरिकी लोगों को भरोसा है,तेल और गैस की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी कुछ समय के लिए है और इस ऑपरेशन से लंबे समय में गैस की कीमतें कम होंगी। एक बार जब ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के नेशनल सिक्योरिटी के लक्ष्य पूरी तरह से पूरे हो जाएंगे तो अमेरिकी तेल और गैस की कीमतों में तेज़ी से गिरावट देखने को मिलेगी। ये कीमतें ऑपरेशन शुरू होने से पहले की कीमतों से भी कम हो सकती हैं। हम एक ऐसी दुनिया में रहेंगे जहां ईरान अब यूनाइटेड स्टेट्स या हमारे साथियों को न्यूक्लियर बम से धमका नहीं पाएगा।"

 

(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।