बुलेट बाइक बनाने वाली रॉयल एनफील्ड की पेरेंट कंपनी आयशर मोटर्स (Eicher Motors) के शेयरों में 2 सितंबर को दिन में 5.6 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। BSE पर शेयर की कीमत 7511 रुपये के लो तक गई। कंपनी ने एक दिन पहले अगस्त सेल्स का डेटा शेयर किया था। बिक्री और एक्सपोर्ट बढ़ने के बावजूद शेयर में बिकवाली है। रॉयल एनफील्ड की अगस्त महीने में कुल बिक्री 1,26,479 मोटरसाइकिलों की रही। यह एक साल पहले की 1,14,002 यूनिट्स की बिक्री से 11 प्रतिशत ज्यादा है। देश के अंदर बिक्री सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़कर 1,14,204 यूनिट रही, जबकि अगस्त 2025 में यह 1,02,876 यूनिट्स थी।
एक्सपोर्ट 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 12,275 मोटरसाइकिलों पर पहुंच गया, जबकि एक साल पहले आंकड़ा 11,126 यूनिट्स का था। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि रॉयल एनफील्ड की 350cc तक की इंजन क्षमता वाले मॉडल्स और इलेक्ट्रिक बाइक्स की कुल बिक्री अगस्त महीने में सालाना आधार पर 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,13,143 यूनिट्स रही। 350cc से ज्यादा इंजन क्षमता वाली मोटरसाइकिलों की कुल बिक्री एक साल पहले के मुकाबले 13 प्रतिशत घटकर 13,336 यूनिट्स पर आ गई।
आयशर मोटर्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और रॉयल एनफील्ड के CEO बी. गोविंदराजन का कहना है कि अगस्त हमारे लिए ग्रोथ वाला एक और महीना रहा। इसने हमारी मजबूत सेल्स की रफ्तार को बनाए रखा और भारत में त्योहारों के मौसम की शुरुआत से पहले एक मजबूत बेस तैयार किया। अगस्त में भी हमने अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को बेहतर बनाना जारी रखा। 'क्लासिक 350 गोरखा एडिशन' पेश किया, साथ ही फीचर अपडेट्स के जरिए आइकॉनिक 'कॉन्टिनेंटल GT 650' में नई जान फूंकी।
Eicher Motors का शेयर 2 साल में 53 प्रतिशत मजबूत
आयशर मोटर्स का मार्केट कैप 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक साल में 18 प्रतिशत मजबूत हुआ है। 2 साल में कीमत 53 प्रतिशत और 3 साल में 121 प्रतिशत बढ़ी है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 49.02 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
आयशर मोटर्स का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 21.3 प्रतिशत बढ़कर 1,462.51 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 1,205.22 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू बढ़कर 6,632.42 करोड़ रुपये रहा, जो जून 2025 तिमाही में 5,041.84 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।