RPG Life Sciences के शेयरों में आज 19 अक्टूबर को 4 फीसदी से अधिक की तेजी देखी गई। इस समय यह शेयर 0.78 फीसदी की बढ़त के साथ 1417.30 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, इंट्राडे में स्टॉक ने 1497.95 रुपये के लाइफ टाइम हाई को छू लिया। दरअसल, फार्मा कंपनी ने मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट पिछले वर्ष की तुलना में 30 फीसदी बढ़ा है।
FY24 की सितंबर तिमाही में फार्मा कंपनी ने सालाना आधार पर 29.5 फीसदी की वृद्धि के साथ 25.86 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की है। इसका मुनाफा हेल्दी टॉपलाइन और ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस के चलते बढ़ा है।
तिमाही में राजस्व 153.58 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो पिछले साल की इसी तिमाही की तुलना में 14 फीसदी अधिक है। EBITDA एक साल पहले के 29.8 करोड़ रुपये से 25.3 फीसदी बढ़कर 37.3 करोड़ रुपये हो गया और EBITDA मार्जिन Q2FY23 में 22.1 फीसदी के मुकाबले 24.3 फीसदी रहा।
बिजनेस में सबसे बड़ा योगदान डोमेस्टिक फॉर्मूलेशन सेगमेंट का था, जिसने वैल्यू और वॉल्यूम दोनों में मजबूत ग्रोथ दर्ज की। रुमेटोलॉजी में आरपीजी लाइफ साइंसेज के प्रवेश ने इसके स्पेशियलिटी सेगमेंट को मजबूत किया है। इंटरनेशनल फॉर्मूलेशन बिजनेस में भी बिक्री और मुनाफे में मजबूत ग्रोथ देखी गई है। एपीआई बिजनेस ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, जिससे मार्जिन में काफी सुधार हुआ।
कंपनी का शेयरों का प्रदर्शन
आरपीजी एंटरप्राइजेज की सब्सिडियरी कंपनी आरपीजी लाइफ साइंसेज एक इंटीग्रेटेड फार्मास्युटिकल कंपनी है, जो ब्रांडेड फॉर्मूलेशन, ग्लोबल जेनरिक और सिंथेटिक एपीआई स्पेस में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में काम कर रही है।
पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 8 फीसदी का उछाल आया है। पिछले 6 महीनों में कंपनी के शेयर 78 फीसदी चढ़ चुके हैं। इस साल अब तक निवेशकों को 67 फीसदी का मुनाफा हुआ है। वहीं, पिछले एक साल में यह 66 फीसदी चढ़ा है।