Dollar vs Rupee : शुक्रवार, 20 नवंबर को रुपये में और मजबूती आई है। गुरुवार को 93.2900 पर बंद होने के बाद, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.9775 के पिछले स्तर से और मजबूत होकर 92.8650 पर पहुंच गया है। भारतीय रुपया 20 अप्रैल के बाद पहली बार 93 प्रति डॉलर के स्तर को पार कर गया है और दिन के दौरान इसने 92.9950 का इंट्राडे हाई हिट किया। लगातार हो रही खरीदारी के चलते इस हफ्ते रुपया डॉलर के मुकाबले 1 रुपये से ज्यादा मजबूत हुआ है।
भारतीय इक्विटी में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) का भारी निवेश,निर्यातकों द्वारा डॉलर की बिक्री और डॉलर इंडेक्स में गिरावट ने रुपये को सहारा दिया है। 'इनफॉर्मिस्ट' के मुताबिक शुक्रवार सुबह 9:37 बजे (IST) डॉलर इंडेक्स 103.83 पर था,जबकि पिछले सत्र में यह 103.92 पर था।
नवंबर में अब तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में 12 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है। इन्फॉर्मिस्ट की रिपोर्ट के अनुसार अकेले गुरुवार को ही FPIs ने 641.99 मिलियन डॉलर के शेयर खरीदे, जिससे इस महीने उनकी कुल नेट खरीदारी लगभग 1.15 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
नवंबर 2026 की समीक्षा के तहत, MSCI के ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स में चार भारतीय शेयरों को शामिल किए जाने से और निवेश आ सकता है। इन्फॉर्मिस्ट की रिपोर्ट का कहना है कि एक ब्रोकरेज फर्म के डीलर का अनुमान है कि इस कदम से लगभग 2 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश आ सकता है।
हालांकि,सप्लाई में संभावित रुकावट की चिंताओं के बीच डीलर कच्चे तेल की कीमतों पर भी नज़र रख रहे हैं। इन्फॉर्मिस्ट के अनुसार, सुबह 9:40 बजे (IST) ब्रेंट क्रूड के जनवरी वायदा (फ्यूचर्स) 92.48 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहे थे, जो पिछले बंद भाव से 0.5% अधिक है।
इस महीने रुपया अपने सभी एशियाई समकक्षों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और डॉलर के मुकाबले इसमें लगभग 2% की बढ़त आई है। ऐसा तब हो रहा है जब अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और फेडरल रिजर्व के रुख के और सख्त होने की उम्मीदों के कारण इस रीजन की अन्य मुद्राओं पर दबाव बना हुआ है।
इन्फॉर्मिस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार के सत्र के बाकी बचे समय में डीलरों को उम्मीद है कि डॉलर के मुकाबले रुपया 93.00-93.50 के दायरे में कारोबार करेगा।
ब्रिकवर्क रेटिंग्स में हेड ऑफ रिसर्च राजीव शरण का कहना है कि शुक्रवार को रुपया 93 के स्तर को पार कर गया और दोपहर तक डॉलर के मुकाबले 92.84 के करीब पहुंच गया,जो पिछले सात महीनों का उच्चतम स्तर है। गुरुवार को विदेशी निवेशकों द्वारा 7,411 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदारी और ब्रेंट क्रूड की कीमत का 91 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आना रुपये के लिए मददगार साबित हुआ। लेकिन आज जो सबसे बड़ा बदलाव आया,वह सोने की कीमतों में गिरावट की वजह से था, जो भारत की तीन टॉप आयात वस्तुओं में से एक है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में भारी गिरावट आई है और यह 3,550 डॉलर प्रति औंस के स्तर के करीब आ गया है। इससे भारत के डॉलर-आधारित आयात बिल के एक बड़े हिस्से पर दबाव कम हुआ।
दिलचस्प बात यह है कि डॉलर इंडेक्स के 103.76 के करीब रहने से डॉलर काफी मजबूत था। आमतौर पर ऐसी स्थिति उभरते बाजारों की मुद्राओं पर दबाव डालती है,लेकिन इसने सोने की कीमतों को गिरा दिया,जिससे अप्रत्यक्ष रूप से रुपये को मजबूती मिली। इस दौरान घरेलू शेयर बाजार भी मजबूत बने रहे। हालांकि, शादी-ब्याह के सीजन में सोना सस्ता होने पर भारतीय ज्वेलर फिर से सक्रिय हो सकते हैं। इससे डॉलर की मांग बढ़ सकती है और केंद्रीय बैंक द्वारा डॉलर की खरीदारी के साथ-साथ, रुपये की बढ़त 93 के स्तर के नीचे ही सीमित रह सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।