RVNL Shares: रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) ने एक रेलवे प्रोजेक्ट के लिए सबसे कम बोली लगाई है। इस खुलासे पर इसके शेयर आज रॉकेट बन गए और करीब 5 फीसदी उछल गए। कंपनी ने रित्विक प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड (RPPL) के साथ मिलकर कर्नाटक की रेल इंफ्रा डेवलपमेंट कंपनी के एक अहम कॉन्ट्रैक्ट के लिए यह बोली लगाई है। सबसे कम बोली लगाने के खुलासे पर शेयर 4.75 फीसदी उछलकर 472.30 रुपये के भाव पर पहुंच गए। तेजी का फायदा उठाते हुए कुछ निवेशकों ने मुनाफावसूली की लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज BSE पर यह 4.15 फीसदी के उछाल के साथ 469.60 रुपये (RVNL Share Price) पर बंद हुआ है।
RVNL को दो साल में पूरा करना है प्रोजेक्ट का काम
रेल विकास निगम ने Package C4A के तहत बेंगलुरु सबअर्बन रेल प्रोजेक्ट के लिए 613 करोड़ रुपये की बोली लगाई है। इस पैकेज के तहत यह नौ स्टेशन बनाएगी जिसमें से एक एलीवेटेड होगा। इसके अलावा आठ कोरिडोर भी बनाएगी। ये स्टेशंस हीललिजे, सिंगेना अग्रहरा, हुस्कुर, अंबेडकर नगर, कार्मेलरम, बेल्लंडूर, मराठाल्ली, डोड्डानाकुंडी और कग्गडासापुरा में बनेंगे। ज्वाइंट वेंचर पार्टनरशिप के तहत इस प्रोजेक्ट में रेल विकास निगम की हिस्सेदारी 51 फीसदी होगी। इस प्रोजेक्ट पर दो साल में काम पूरा करना है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
आरवीएनएल के शेयरों ने निवेशकों की शानदार कमाई कराई है। पिछले साल 7 नवंबर 2023 को यह 154.50 रुपये पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का निचला स्तर है। इस निचले स्तर से करीब 9 महीने में यह करीब 319 फीसदी उछलकर 15 जुलाई 2024 को 647.00 रुपये के भाव पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई है। हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई और उठा-पटक के साथ फिलहाल इस हाई से यह करीब 28 फीसदी डाउनसाइड है। मार्च से लेकर इसके शेयर हर महीने ऊपर चढ़े हैं लेकिन सितंबर और अक्टूबर में यह निगेटिव जोन में रहा।
कंपनी के कारोबारी सेहत की बात करें तो जून तिमाही में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 34.7 फीसदी गिरकर 223.92 करोड़ रुपये पर आ गया। इस दौरान ऑपरेशनल रेवेन्यू भी 26.9 फीसदी फिसलकर 4,073.8 करोड़ रुपये पर आ गया।