RVNL Shares: रेल विकास निगम लिमिटेड के शेयरों में आज दिन के आखिरी तक रिकवरी नहीं दिख पाई। हालांकि कंपनी ने ईस्ट कोस्ट रेलवे प्रोजेक्ट के लिए सबसे कम बोली लगाई है। यह इस तिमाही में कंपनी का पहला ऑर्डर है जिसके लिए इसने सबसे छोटी बोली लगाई है। कंपनी ने आज 1 दिसंबर को इसकी जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में दी। दिन के आखिरी में आज इसके शेयर BSE पर 1.08 फीसदी की गिरावट के साथ 524.70 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। इंट्रा-डे में यह 0.63 फीसदी की बढ़त के साथ 533.80 रुपये के भाव तक पहुंचा था और इंट्रा-डे में यह 1.40 फीसदी फिसलकर 523.05 रुपये के भाव तक आ गया था।
RVNL ने किस ऑर्डर के लिए लगाई है बोली?
रेल विकास निगम ने ईस्ट कोस्ट रेलवे प्रोजेक्ट के लिए सबसे छोटी बोली लगाई है। यह बोली कंपनी ने अंगुल-बलराम के बीच नई लाइन बनाने और जरपदा और थलचेर रोड के बीच तीसरी और चौथी लाइन के लिए है जोकि MCRL इंटर्नल कोरिडोर फेज-1 डबलिंग प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इस प्रोजेक्ट की लागत 283.7 करोड़ रुपये है और इसका काम 24 महीने में पूरा करना है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
रेल विकास निगम के शेयरों ने निवेशकों की ताबड़तोड़ कमाई कराई है। पिछले साल 26 अक्टूबर 2023 को यह 142.10 रुपये के भाव पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 9 महीने में यह 355 फीसदी से अधिक उछलकर 15 जुलाई 2024 को 647 रुपये की रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई और फिलहाल इस हाई से यह 19 फीसदी से अधिक डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।