RVNL Shares Price: भारतीय शेयर बाजार में आज 19 जुलाई को गिरावट का रुख रहा। हालांकि इसके बावजूद रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के शेयरों में कारोबार के दौरान उछाल देखा गया। इसके साथ शेयर ने पिछले 4 दिनों से जारी गिरावट का सिलसिला भी तोड़ दिया है। कंपनी ने 19 जुलाई को दोपहर में शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि आर्बिट्रेशन ट्राइब्यूनल ने उसकी स्पेशल परपज व्हीकल कंपनी, कृष्णापटनम रेलवे कंपनी लिमिटेड के पक्ष में फैसला सुनाते हुए 584.22 करोड़ रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है।
यह मुआवजा कृष्णापटनम रेलवे कंपनी और रेलवे मिनिस्ट्री के बीच विवाद को निपटाने के लिए था। इस ज्वाइंट वेंचर में केआरसीएल की 49.76% हिस्सेदारी थी।
इसके अलावा भी RVNL को लेकर शुक्रवार को ऐसी कई पॉजिटिव खबरें आईं, जिसके चलते निवेशकों की इस शेयर में दिलचस्पी बनी। कंपनी ने बताया कि उसने इजराइल की एक कंपनी यूनाइटेड कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के साथ एक MoU पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत वे एक-दूसरे के साथ सहयोग करेंगी और इजराइल में रेलवे, MRTS, सुरंगों, सड़कों, पुलों, बिल्डिंग वर्क्स, एयरपोर्ट्स, बंदरगाहों, सिंचाई, पावर ट्रांसमिशन और सोलर व विंड सेक्टर में प्रोजेक्ट हासिल करेंगे।
एक्सचेंज पर मौजूद कंपनी के हालिया शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, घरेलू म्यूचुअल फंडों ने जून तिमाही के दौरान कंपनी में अपनी हिस्सेदारी मामूली रुप से बढ़ाकर 0.19 फीसदी कर दिया, जो मार्च तिमाही के अंत में 0.09 फीसदी था। अप्रैल-जून तिमाही के बीच LIC और FPI ने भी इस पब्लिक सेक्टर कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है।
NSE पर दोपहर 2.30 बजे के करीब, आरवीएनएल के शेयर 5.65 फीसदी की तेजी के साथ 619.25 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। दिन के कारोबार में यह शेयर 8 फीसदी तक उछल गया था। इस साल की शुरुआत से अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 240.27 फीसदी की बंपर तेजी आ चुकी है। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को करीब 416.26 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।