Sahasra Electronics Solutions IPO Listing: इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिजाइन और मैनुफैक्चरिंग कंपनी सहस्र इलेक्ट्रॉनिक्स सॉल्यूशंस के शेयरों की आज NSE के SME प्लेटफॉर्म पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 122 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 283 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 537.70 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 90 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Sahasra Electronics Solutions Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह 564.55 रुपये (Sahasra Electronics Solutions Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 80 फीसदी मुनाफे में हैं।
Sahasra Electronics Solutions IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
सहस्र इलेक्ट्रॉनिक्स का ₹186.16 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 26-30 सितंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 122.06 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 100.80 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 260.46 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 74.85 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत 172.01 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 5 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी नई मैनुफैक्चरिंग फैसिलिटी में अतिरिक्त प्लांट और मशीनरी लगाने, सब्सिडियरी सहस्र सेमीकंडक्टर्स में अतिरिक्त प्लांट-मशीनरी के लिए निवेश, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
Sahasra Electronics Solutions के बारे में
फरवरी 2023 में बनी सहस्र इलेक्ट्रॉनिक सॉल्यूशंस एक इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिजाइन और मैनुफैक्चरिंग कंपनी है। यह अपने नोएडा प्लांट में इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिजाइन और मैनुफैक्चरिंग (ESDM) सर्विसेज मुहैया कराती है। यह प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) एसेंबली, बॉक्स बिल्ड और एलईडी लाइटिंग, मेमरी, आईटी एक्सेसरीज, कंप्यूटर और आईटी हार्डवैयर मुहैया कराती है। वित्त वर्ष 2024 में इसने 80 फीसदी से अधिक प्रोडक्ट्स अमेरिका, रवांडा, ट्यूनीशिया, यूके, जर्मनी, कनाडा, ऑस्ट्रिया और बेल्जियम को निर्यात किया था। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2024 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 1315 फीसदी उछलकर 32.63 करोड़ रुपये और रेवेन्यू भी 866 फीसदी से अधिक उछलकर 102.79 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि कर्ज भी करीब 215 फीसदी बढ़कर 21.72 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।