रेलवे स्टॉक समय से पहले सैंटा रैली देखने को मिल रही है। रेल विकास निगम लिमिटेड (Rail Vikas Nigam Ltd (RVNL) और इंडियन रेलवे फाइनेंस कार्पोरेशन (Indian Railway Finance Corporation Ltd (IRFC) के शेयरों में निवेशक जोरदार खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों जानकारों का कहना है कि बजट से जुड़ी उम्मीदों के चलते इन शेयरों में टैक्टिकल बाइंग (रणनीतिक खरीदारी) हो रही है। निवेशकों को लगता है कि आगामी बजट में रेलवे के विकास के लिए आवंटन बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा इस सेक्टर की ग्रोथ की संभावना भी अच्छी नजर आ रही है। इसकी वजह से रेलवे शेयरों में हाल के दिनों में जोरदार खरीदारी आई है। इसके साथ ही रेलवे से जुड़ी 4 लिस्टेड कंपनियों और रेलटेल (RailTel Corporation of India) के साथ ही RVNL में सरकार की 10 फीसदी हिस्सेदारी के विनिवेश से जुड़ी खबर ने भी लिस्टेड रेलवे कंपनियों में निवेशकों की रुचि बढ़ा दी है।
आगामी बजट में रेलवे के लिए बड़े ऐलानों की उम्मीद
SMIFS के अवनीश चंद्रा का कहना है कि आगामी बजट में रेलवे के लिए बड़े ऐलानों की उम्मीद में रेलवे से जुड़े शेयर भाग रहे हैं। 2023-24 के बजट में 300-400 वंदे भारत ट्रेनें चलाने का ऐलान किया जा सकता है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि साल 2023-24 में भारत में इस तरह की 100 ट्रेनें बनाई जाएंगी। एक विदेशी ब्रोकरेज हाउस से जुड़े एनालिस्ट का कहना है कि इंडियन रेलवे जल्द ही वंदे भारत-2 ट्रेनों का ऐलान भी कर सकता है। इसमें और भी बेहतर फीचर होंगे। चंद्रा का कहना है कि रेलवे स्टॉक को आमतौर पर टैक्टिकल प्ले (रणनीतिक दांव) माना जाता है। इसका मतलब ये है कि इन शेयरों में सरकार की तरफ से होने वाले किसी ऐलान की उम्मीद में शॉर्ट टर्म के लिए पैसे लगाए जाते हैं। इसी वजह से बजट के पहले रेलवे शेयरों में जोश देखने को मिल रहा है।
RVNL, IRFC,रेलटेल में मुनाफा वसूले
Gemstone Equity Research के मिलन वैष्णव (Milan Vaishnav) का कहना है कि हाल के दिनों में RVNL, IRFC,रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया और इरकॉन इंटरनेशनल में काफी तेजी देखने को मिली है। अब ये थोड़ा सुस्ताते नजर आ सकते हैं। इनमें कंसोलिडेशन देखने को मिल सकता है। ऐसे में निवेशकों को सलाह है कि वो अब इन शेयरों में चाहें तो पूरी और चाहें तो आंशिक मुनाफा वसूली कर लें और मुनाफे को अपनी जेब में रखें।
IRCTC,Concor और BEML में नए निवेश से बचें
टीटागढ़ वैगन और टेक्समैको रेल एंड इंजीनियरिंग पर मिलन वैष्णव की सलाह है कि इन स्टॉक में लॉन्ग टर्म में तेजी की संभावनाएं हैं। ट्रेलिंग स्टॉपलॉस के साथ इन शेयरों में बने रहें। जबकि IRCTC,Concor और BEML पर मिलन वैष्णव का कहना है कि इनके चार्ट पर इस समय कोई भी टेक्निकल ट्रिगर नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में इन शेयरों में इस समय नई खरीद करने की सलाह नहीं होगी। इन शेयरों में नई खरीद के लिए इनके थोड़ा और नीचे आने का इंतजार करें।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।