भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के सितंबर 2026 तिमाही के नतीजे जारी होने के बाद ब्रोकरेज नोमुरा ने बैंक के शेयर के लिए टारगेट प्राइस 1,160 रुपये से घटाकर 1100 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि ज्यादा ऑपरेटिंग खर्च और ट्रेजरी में हुए नुकसान ने बैंक की मजबूत नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) के फायदे को खत्म कर दिया। स्टेक सेल के लिए एडजस्ट करने के बाद, SBI का टैक्स के बाद का मुनाफा 170 अरब रुपये रहा, जो नोमुरा के अनुमान से 7 प्रतिशत कम है।
हालांकि NII अनुमान से 2 प्रतिशत बेहतर रही, लेकिन ऑपरेटिंग खर्च उम्मीद से 3 प्रतिशत ज्यादा रहे और ट्रेजरी बुक में 12.8 अरब रुपये का नुकसान दर्ज किया गया। नोमुरा का यह भी कहना है कि FCNR(B)-लिंक्ड लोन को छोड़कर, लोन ग्रोथ की दर सितंबर 2026 तिमाही में तिमाही-दर-तिमाही आधार पर 1.6 प्रतिशत रही, जो काफी कम है। ब्रोकरेज का मानना है कि वित्त वर्ष 2027—28 में नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) में सुधार होगा, लेकिन यह अप्रैल 2027 से 'एक्सपेक्टेड क्रेडिट लॉस' (ECL) फ्रेमवर्क लागू होने के कारण बढ़ने वाली क्रेडिट कॉस्ट की वजह से बेअसर हो जाएगा।
SBI का जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 14.27 प्रतिशत बढ़कर 23037.95 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 20159.67 करोड़ रुपये था। शुद्ध ब्याज आय (NII) सालाना आधार पर 14.7 प्रतिशत बढ़कर 49,142 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले यह 42,847 करोड़ रुपये थी। शुद्ध ब्याज मार्जिन (डोमेस्टिक) 3.11 प्रतिशत रहा, जो सितंबर 2025 तिमाही में 3.08 प्रतिशत था। सितंबर 2026 तिमाही में कुल स्टैंडअलोन इनकम सालाना आधार पर 6.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 143796 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले यह 134979.47 करोड़ रुपये थी। ऑपरेटिंग प्रॉफिट 7.28 प्रतिशत बढ़कर 34,226 करोड़ रुपये हो गया।
एसेट क्वालिटी में और सुधार
सितंबर 2026 तिमाही में SBI का ग्रॉस NPA (नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स) रेशियो गिरकर 1.39 प्रतिशत रह गया। एक साल पहले यह 1.73 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो 0.36 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो सितंबर 2025 तिमाही में 0.42 प्रतिशत था। तिमाही आधार पर भी NPA रेशियो में गिरावट है। सितंबर 2026 तिमाही के आखिर तक SBI के ग्रॉस एडवांसेज 60,05,805.24 करोड़ रुपये के रहे। यह आंकड़ा एक साल पहले के 44,19,674 करोड़ रुपये से लगभग 18 प्रतिशत ज्यादा है।
डिपॉजिट 12.27 प्रतिशत बढ़कर 62,77,919 करोड़ रुपये के रहे। सितंबर 2025 तिमाही में ये 55,91,700 करोड़ रुपये के थे। SBI के चेयरमैन सीएस सेट्टी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बैंक के 10-11 प्रतिशत डिपॉजिट ग्रोथ और 14-15 प्रतिशत क्रेडिट ग्रोथ के अनुमान को दोहराया है। उनका कहना है कि बैंक के पास 7.8 लाख करोड़ रुपये के कॉरपोरेट लोन्स की पाइपलाइन है। साथ ही बैंक की लिक्विडिटी (नकदी) की स्थिति काफी अच्छी है।
SBI का शेयर 3 प्रतिशत चढ़ा
SBI के शेयर में 5 नवंबर को तेजी है। शेयर BSE पर लगभग 3 प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुआ है। बैंक का मार्केट कैप 9.29 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। शेयर 2 साल में 18 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,234.80 रुपये और एडजस्टेड लो 933.85 रुपये है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।