ऑटो कंपोनेंट और इक्विपमेंट बनाने वाली कंपनी शैफ्लर इंडिया में 26 नवंबर को प्री-ओपन ब्लॉक विंडो में 1.01 करोड़ शेयरों का लेन-देन हुआ। शेयरों की यह संख्या कंपनी की कुल इक्विटी के 6.5% के बराबर है। एक्सचेंजेस पर मौजूद डेटा के मुताबिक, शेयरों का लेन-देन 3,493 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर हुआ। कुल ट्रांजेक्शन वैल्यू 3,543 करोड़ रुपये रही। शेयर किसने बेचे और किसने खरीदे, इस बारे में अभी आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं है।
हालांकि CNBC-TV18 ने एक दिन पहले रिपोर्ट दी थी कि शैफ्लर इंडिया की पेरेंट कंपनी शैफ्लर, ब्लॉक डील के जरिए अपनी कुल होल्डिंग का 6% तक हिस्सा बेचने की योजना बना रही है। रिपोर्ट में कहा गया था कि डील के तहत फ्लोर प्राइस 3,400 रुपये प्रति शेयर रह सकता है। सितंबर 2026 तिमाही के अंत में शैफ्लर इंडिया में प्रमोटर्स के पास 74.13% हिस्सेदारी थी।
अक्टूबर महीने में सितंबर 2026 तिमाही के नतीजे जारी करने के साथ शैफ्लर इंडिया ने घोषणा की थी कि प्रमोटर निकट भविष्य में अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचने पर विचार कर सकते हैं। यह भी स्पष्ट किया गया था कि प्रमोटर कंपनी पर अपना नियंत्रण बनाए रखना चाहते हैं। वे कम से कम दो-तिहाई इक्विटी अपने पास रखना चाहते हैं।
Schaeffler India का शेयर 5 प्रतिशत तक उछला
ब्लॉक डील के बावजूद शैफ्लर इंडिया के शेयर में गुरुवार को दिन में लगभग 5 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। बीएसई पर शेयर 3775 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 58000 करोड़ रुपये हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 6 महीनों में 11 प्रतिशत नीचे आया है। वहीं 3 साल में 30 प्रतिशत और 5 साल में 145 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा है।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 3,005.79 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 370.38 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 23.70 करोड़ रुपये दर्ज की गई। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान शैफ्लर इंडिया का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 9,395.32 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 1,196.25 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 76.50 करोड़ रुपये रही।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।