निवेशकों को राहत! SEBI ने KYC नियमों में 6 बड़े बदलाव किए, 24 दिसंबर से लागू होंगे नए रूल्स
SEBI New KYC Rules: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए KYC की प्रक्रिया आसान होने वाली है। सेबी ने छह बड़े बदलाव किए हैं। अब बार-बार दस्तावेज जमा करने की जरूरत कम होगी। मोबाइल वेरिफिकेशन और नाम बदलने के नियम भी आसान होंगे।
SEBI New KYC Rules: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए KYC की प्रक्रिया अब आसान होने वाली है। बाजार नियामक सेबी (SEBI) ने KYC के नियमों में बदलाव किया है। इसका फायदा यह होगा कि निवेशकों को अलग-अलग वित्तीय संस्थानों में खाता खुलवाते समय एक जैसे दस्तावेज बार-बार जमा नहीं करने पड़ेंगे। साथ ही, एक बार वेरिफाई हो चुका KYC रिकॉर्ड दूसरी जगह भी काम आ सकेगा।
सेबी ने बुधवार, 25 नवंबर को इस बारे में सर्कुलर जारी किया है। नए नियम 24 दिसंबर 2026 से लागू होंगे। इनके तहत KYC रजिस्ट्रेशन एजेंसियां (KRA) निवेशकों की कुछ जरूरी जानकारियां अपने पास रखेंगी। इससे निवेशकों को हर बार पूरी जानकारी दोबारा देने की जरूरत नहीं होगी।
KYC के नियमों में हुए 6 बड़े बदलाव
1. एक जैसी जानकारी बार-बार नहीं देनी होगी
अब निवेशकों की कमाई, कामकाज, FATCA और CRS से जुड़ी जानकारी और पॉलिटिकली एक्सपोज्ड पर्सन (PEP) स्टेटस जैसी जानकारियां KRA के पास रहेंगी। जब निवेशक किसी दूसरी वित्तीय संस्था में खाता खुलवाएंगे, तो उन्हें ये जानकारियां फिर से देने की जरूरत नहीं होगी।
2. मोबाइल नंबर वेरिफिकेशन में राहत
अगर निवेशक का मोबाइल नंबर पहले से KRA के रिकॉर्ड में वेरिफाई है और आधार से जुड़ा है, तो दूसरी संस्था में दोबारा मोबाइल नंबर वेरिफाई कराने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, यह छूट उन्हीं निवेशकों को मिलेगी, जो तय शर्तें पूरी करते हैं।
3. एक जगह का KYC दूसरी जगह भी काम आएगा
अब निवेशक का वेरिफाई किया हुआ KYC रिकॉर्ड अलग-अलग वित्तीय संस्थानों में इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके लिए निवेशक का मौजूदा या स्थायी पता तय प्रक्रिया के तहत वेरिफाई होना चाहिए। बाकी जरूरी शर्तें भी पूरी होनी चाहिए। इससे हर बार नए सिरे से KYC कराने की परेशानी कम होगी।
4. KYC अपडेट और खाता बंद करने का समय तय
म्यूचुअल फंड को छोड़कर दूसरे वित्तीय संस्थानों को खाता बंद होने की जानकारी पांच कामकाजी दिनों में KRA को देनी होगी। इसके बाद KRA को दो कामकाजी दिनों में रिकॉर्ड अपडेट करना होगा।
म्यूचुअल फंड के मामले में भी नियम तय किए गए हैं। अगर किसी निवेशक के फोलियो में लगातार छह महीने तक न पैसा बचा हो, न कोई लेनदेन हुआ हो और न ही कोई निवेश हो, तो फंड हाउस को इसकी जानकारी KRA को देनी होगी।
5. कुछ लोगों को विदेशी पते का प्रमाण नहीं देना होगा
OCI कार्डधारकों और उन विदेशी नागरिकों को राहत मिलेगी, जिन्हें इनकम टैक्स एक्ट, 2025 के तहत भारत का निवासी माना जाता है। ऐसे लोगों को अब विदेशी पते का प्रमाण देना जरूरी नहीं होगा। हालांकि, उन्हें भारत में रहने के पते का प्रमाण देना होगा। इसकी जांच भी की जाएगी।
6. नाम बदलने पर कम दस्तावेज देने होंगे
अगर किसी निवेशक का नया नाम PAN और आधार में अपडेट है, तो उसे KYC के लिए नाम बदलने का अलग प्रमाण नहीं देना होगा। लेकिन अगर दोनों दस्तावेजों में नाम अपडेट नहीं है, तो शादी का प्रमाणपत्र, पासपोर्ट या गजट नोटिफिकेशन जैसे दस्तावेज देने पड़ सकते हैं।
नए नियम कब से लागू होंगे?
सेबी के नए KYC नियम 24 दिसंबर 2026 से लागू होंगे। KYC रजिस्ट्रेशन एजेंसियों को 30 दिनों के भीतर इन नियमों को लागू करने का तरीका बताने के लिए गाइडलाइन भी जारी करनी होगी।
कुल मिलाकर, इन बदलावों से निवेशकों को KYC के लिए बार-बार दस्तावेज जमा करने और वेरिफिकेशन कराने की परेशानी कम होगी। खासकर उन लोगों को राहत मिलेगी, जो शेयर बाजार की अलग-अलग वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं।