सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) ने शेयर बाजार में अधिक लोगों को लाने, इसमें मौजूद जोखिमों को लेकर जागरूकता बढ़ाने और सिस्टम में मौजूद कमियों को दूर करने के लिए देश भर में एक सर्वे कराने का फैसला किया है। SEBI के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। SEBI के फुलटाइम मेंबर, अनंत नारायण ने कहा कि भारत के बाजारों में उतार-चढ़ाव कम है। FPIs (विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों) ने अक्टूबर-नवंबर में भारतीय शेयर बाजार से करीब 14 अरब डॉलर की निकासी की, जबकि इतनी ही राशि का निवेश घरेलू निवेशकों ने म्यूचुअल फंड में किया है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि इसमें बहुत अधिक खुश होने की कोई बात नहीं है।
नारायण ने CII ग्लोबल इकोनॉमिक पॉलिसी फोरम 2024 के मंच पर कहा, "हम घरेलू निवेशकों की संख्या बढ़ने का जश्न मना रहे हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हमें विदेशी निवेश की आवश्यकता नहीं है। हमें विदेशी निवेश की भी जरूरत है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम दुनिया भर से निवेश को आकर्षित करने के लिए एक आकर्षक जगह बने रहें ताकि हम भविष्य की ग्रोथ को फंडिंग मुहैया करा सकें।"
उन्होंने यह भी कहा कि खुदरा और नए निवेशकों की ओर से आने वाले इस निवेश को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।
नारायण ने कहा, "हमें इन्हें प्रोत्साहित करना होगा। हम युवा लोगों के बारे में चिंतित हैं, उनमें से कई ने शेयर बाजार में अभी तक किसी बड़े गिरावट को नहीं देखा है।" उन्होंने हैरानी जताते हुए पूछा कि क्यों उन्हें जोखिमों को लेकर पर्याप्त जागरूकता है। अनंत नारायण ने कहा कि SEBI निवेशकों के बीच जागरुकता बढ़ाने के लिए AMFI, एक्सचेंजों और क्लियरिंग कॉरपोरेशन के साथ काम कर रहा है।
नारायण ने यह भी कहा कि कैपिटल मार्केट के इकोसिस्टम में अधिक लोगों को कैसे लाया जाए, SEBI इस पर एक अखिल भारतीय सर्वे शुरू करेगा। इसमें यह पता लगाया जाएगा कि लोगों को जोखिम के प्रति कैसे जागरूक किया जाए। साथ ही, यह भी पता लगाया जाएगा कि सिस्टम में क्या कमियां हैं और उसे कैसे दूर किया जाए।