Sensex 1400 अंक उछला, मार्केट में क्यों आई इतनी ज्यादा तेजी?

शुक्रवार को ऑटो, फाइनेंशियल्स, कैपिटल गुड्स, एएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, रियल्टी सहित सभी प्रमुख सूचकांकों में 2-3 फीसदी की तेजी दिखी

अपडेटेड May 20, 2022 पर 2:02 PM
Story continues below Advertisement
शुक्रवार को ऑटो, फाइनेंशियल्स, कैपिटल गुड्स, एएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, रियल्टी सहित सभी प्रमुख सूचकांकों में 2-3 फीसदी की तेजी दिखी

स्टॉक मार्केट में जबर्दस्त उतारचढ़ाव दिख रहा है। एक दिन Sensex 1400 अंक गिर जाता है तो दूसरे दिन 1400 अंक चढ़ जाता है। शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स को पंख लग गए। सुबह में यह मजबूत खुला, फिर इसमें तेजी बनी रही।

दोपहर में 1:29 बजे सेंसेक्स 2.5 फीसदी यानी 1366 अंक चढ़कर 54,153 अंक पर था। इस उतारचढ़ाव ने इनवेस्टर्स को उलझन में डाल दिया है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि यह वक्त खरीदने का है या बेचने का।

यह भी पढ़ें : नीलेश शाह ने बताया, क्यों गिर रहा है शेयर बाजार और कहां बन सकता है मुनाफा


शुक्रवार को ऑटो, फाइनेंशियल्स, कैपिटल गुड्स, एएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, रियल्टी सहित सभी प्रमुख सूचकांकों में 2-3 फीसदी की तेजी दिखी। बीएसई स्मॉलकैप और मिडकैप इंडेक्स भी 1 फीसदी से ज्यादा ऊपर थे। सवाल है कि आखिर मार्केट में क्यों इतनी तेजी आई?

1. चीन ने इंटरेस्ट रेट घटाया

दुनियाभर के केंद्रीय बैंक इंटरेस्ट रेट बढ़ा रहे हैं। इधर, चीन के केंद्रीय बैंक ने इंटरेस्ट रेट घटाने का ऐलान किया है। उसने शुक्रवार को फाइव-ईयर लोन प्राइम रेट (LPR) 15 बेसिस प्वॉइंट्स घटा दिया। हालांकि, उसने वन-ईयर एलपीआर में बदलाव नहीं किया है। फाइव-ईयर लोन रेट में कमी से मॉर्टगेज लोन सस्ता हो जाएगा। चीन के केंद्रीय बैंक ने इकॉनॉमी को सहारा देने के लिए ऐसा किया है। हाल में चीन में आई कोरोना की लहर से इकोनॉमी को बहुत लॉस हुआ है। लंबे समय तक लॉकडाउन की वजह से आर्थिक गतिविधियां ठप रहीं। इससे इकोनॉमी की ग्रोथ घटने का अनुमान है।

2. एशियाई मार्केट में उछाल

चीन में इंटरेस्ट रेट घटने से एशियाई बाजारों में अच्छी तेजी आई। जापान, चीन, हांगकांग के बाजार मजबूत खुले। इसका असर इंडियन मार्केट पर भी पड़ा। हैंगसेंग में सबसे ज्यादा 2 फीसदी की तेजी आई। कोस्पी, निक्केई और शंघाई में भी उछाल दिखा।

3. इंडिया में फाइनेंस मिनिस्टर ने 8.9% ग्रोथ की उम्मीद जताई

फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतामरण ने कहा है कि इंडिया सबसे ज्यादा तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था होगा। उन्होंने करेंट फाइनेंशियल ईयर में इकोनॉमी की ग्रोथ 8.9 फीसदी रहने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि इकोनॉमी तेजी से रिकवर कर रही है।

4. सस्ते भाव पर खरीदारी

कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि हालिया गिरावट के बाद अच्छी क्वालिटी वाले स्टॉक्स की कीमतें अट्रैक्टिव लेवल पर आ गई हैं। इससे इनवेस्टर्स इन शेयरों को खरीद रहे हैं। इससे मार्केट सेंटिमेंट में सुधार आया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।