Share Market Today: सेंसेक्स और निफ्टी बुधवार 23 अक्टूबर को एक बार फिर गिरावट के साथ बंद हुए। आखिरी घंटे में हुए तेज बिकवाली के दिन के कारोबार में दिखी बढ़त खत्म हो गई। हालांकि ब्रॉडर मार्केट का प्रदर्शन अच्छा रहा। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमश: 0.48 फीसदी और 0.93 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए। इसके चलते निवेशकों को आज के कारोबार में 8,000 करोड़ रुपये का मामूली नुकसान हुआ। वहीं सेक्टोरल इंडेक्स में आईटी इंडेक्स 2 फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर कैपिटल गुड्स, पावर और फार्मा इंडेक्स में 1 फीसदी से अधिक की गिरावट देखने को मिली।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 138.74 अंक या 0.17 फीसदी की गिरावट के साथ 80,081.98 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 36.60 अंक या 0.15 फीसदी टूटकर 24,435.50 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों के ₹8,000 करोड़ डूबे
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से सिर्फ 8 शेयर आज हरे निशान में हुए। इसमें बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) के शेयरों में 4.95 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), एचसीएल टेक (HCL Tech), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के शेयर 1.26 फीसदी से लेकर 2.28 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर
वहीं सेंसेक्स के बाकी 22 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) का शेयर 3.23 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं सन फार्मा (Sun Pharma), पावर ग्रिड (Power Grid), एनटीपीसी (NTPC) और अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) के शेयरों में 1.68 फीसदी से 2.79% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,182 शेयरों में रही तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,031 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,182 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,751 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 103 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 122 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 163 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।