Sensex-Nifty jumps: एशियाई मार्केट में छाई रौनक के बीच घरेलू स्टॉक मार्केट में आज खरीदारी का शानदार रुझान दिख रहा है। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार तेजी है और शुरुआती कारोबार में ही ये 1-1 % से अधिक उछल पड़े। आईटी को छोड़ सभी सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स ग्रीन हैं। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी का रुझान है। ओवरऑल बात करें तो BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप ₹4.83 लाख करोड़ बढ़ गया है यानी निवेशकों की दौलत मार्केट खुलते ही ₹4.83 लाख करोड़ बढ़ गई है। अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सों की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) फिलहाल 773.22 प्वाइंट्स यानी 1.04% की तेजी के साथ 74,841.67 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 253.10 प्वाइंट्स यानी 1.10% के उछाल के साथ 23,165.50 पर है। कच्चे तेल की नरमी और अमेरिका-ईरान की लड़ाई थमने के संकेतों पर आज मार्केट में काफी रौनक है।
