सिंगापुर एक्सचेंज (SGX) पर निफ्टी 50 का फ्यूचर्स जल्द ही डीलिस्ट होने वाला है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने इसकी जानकारी 16 मई को दी कि इसे डीलिस्ट करने के लिए नियामकीय मंजूरी मिल चुकी है। 3 जुलाई से इसे डीलिस्ट कर दिया जाएगा और इसके सभी ऑर्डर्स एनएसई आईएफएसी (NSE IFSC) को ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। रेगुलेटरी अप्रूवल की बात करें तो मॉनीटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर और इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर्स अथॉरिटी ने इसे डीलिस्ट करने की मंजूरी दी है। एनएसई के प्रवक्ता के मुताबिक 3 जुलाई से एसजीएक्स निफ्टी का नाम गिफ्ट निफ्टी (GIFT Nifty) हो जाएगा और एसजीएक्स के सभी ऑर्डर्स गिफ्टी सिटी, एनएसई आईएफएससी एक्सचेंज को ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। सिंगापुर एक्सचेंज ने पिछले महीने ही इसका ऐलान कर दिया था।
कब बंद होगी SGX Nifty पर ट्रेडिंग
एसजीएक्स निफ्टी के सभी ओपन पोजिन्स एनएसई आईएफएससी निफ्टी पर शिफ्ट हो जाएंगे तो एसजीएक्स निफ्टी पर कोई भी ओपन इंटेरेस्ट नहीं बचा रहेगा। एसजीएक्स निफ्टी पर 30 जून के कारोबारी दिन की समाप्ति पर ट्रेडिंग बंद कर दी जाएगी। 30 जून को शुक्रवार है। इसके बाद निवेशक डॉलर वाले निफ्टी फ्यूचर्स कांट्रैक्ट में ट्रेड कर सकेंगे जो गिफ्टी सिटी के एसजीएक्स पर होगा। NSE IFSC एनएसई की सब्सिडियरी है और यह गुजरात के गिफ्ट सिटी में इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विस सेंटर (IFSC) पर एक एक्सचेंज है।
क्या फर्क पड़ेगा इस बदलाव से
एसजीएक्स निफ्टी डेरिवेटिव्स को एनएसई आईएफएससी पर शिफ्ट करने पर डॉलर भाव में निफ्टी के सभी डेरिवेटिव्स कांट्रैक्टस एनएसई आईएफएससी पर ट्रेड होंगे। हालांकि कॉस्ट और फैसिलिटीज की बात करें तो कुछ खास नहीं बदलने वाला है क्योंकि जैसा यह सिंगापुर में था, वैसा ही यह गिफ्ट सिटी में भी रहेगा। हालांकि यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि इसका फायदा सिर्फ विदेशी ट्रेडर्स को मिलेगा क्योंकि भारतीय ट्रेडर्स को विदेशी बाजारों में डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग की मंजूरी नहीं है। हालांकि प्रोप्रॉयटरी ट्रेडर्स अगर ब्रोकर पर पास खाता खोलते हैं तो वह एसजीएक्स निफ्टी में ट्रेडिंग कर सकते हैं।