Shakti Polytarp IPO Listing: तिरपाल बनाने वाली शक्ति पॉलीटार्प के शेयरों की आज BSE SME पर हल्के डिस्काउंट के साथ एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 11 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹59 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹58.90 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला, बल्कि उनकी पूंजी ही 0.17% घट गई। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर फिसल गए। उठा-पटक के साथ यह ₹61.40 के हाई पर पहुंचा और फिर वहां से टूटकर यह ₹56.36 तक आ गया। इस निचले स्तर से शेयरों ने हल्की रिकवरी की और ₹58.45 (Shakti Polytarp Share Price) पर बंद हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 0.93% घाटे में हैं।
Shakti Polytarp IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
शक्ति पॉलीटार्प का ₹27 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 15-17 सितंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 11.87 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 49.22 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 5.43 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 4.12 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 45.64 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹20.88 करोड़ कैपिटल एक्सपेंडिचर, ₹2.54 करोड़ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और ₹3.50 करोड़ आईपीओ से जुड़े एक्सपेंसेज पर खर्च होंगे।
Shakti Polytarp के बारे में
शक्ति पॉलीटार्प मुख्य रूप से तिरपाल बनाती है। तिरपाल (Tarpaulin) ऐसी मोटी और वाटरप्रूफ/प्लास्टिक शीट है, जिसे बारिश, धूप, नमी और धूल से सामान बचाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है जैसे फसलों या खेती से जुड़ी चीजों को ढकने के लिए, कंस्ट्रक्शन साइट्स पर सामान ढकने के लिए, ट्रक्स में सामान को बारिश से बचाने के लिए और वेयरहाउसेज में माल ढकने के लिए।
इसके प्रोडक्ट्स की बिक्री डिनोट्राप ब्रांड के तहत होती है। कंपनी खास तौर पर 6 और 8-लेयर के तिरपाल बनाने पर फोकस करती है। यह बी2बी मॉडल पर काम करती है तो सीधे कंज्यूमर को भी यह अपना माल बेचती है। यह ग्राहकों की जरूरतों के मुताबिक भी प्रोडक्ट्स तैयार करती है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 220% से अधिक की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹10.06 करोड़ और टोटल इनकम 86% से अधिक के सीएजीआर से ₹216.10 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹72.51 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹15.30 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।