शांति इनऑर्गेनिक्स की 7 सितंबर को शेयर बाजार में लिस्टिंग सुपर डुपर हिट रही। शेयर NSE SME पर 90 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 157.70 रुपये पर लिस्ट हुआ। उसके बाद शेयर में 5 प्रतिशत की बढ़त दिखी और 165.55 रुपये पर अपर सर्किट लगा। IPO प्राइस 83 रुपये प्रति शेयर था। कंपनी का 47.24 करोड़ रुपये का इश्यू 142.17 गुना भरा था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 130.97 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 195.53 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 125.72 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
शांति इनऑर्गेनिक्स लिमिटेड सल्फर-बेस्ड इनऑर्गेनिक केमिकल बनाती और बेचती है। इसके मुख्य प्रोडक्ट्स में सोडियम मेटाबाइसल्फाइट, सोडियम सल्फाइट पाउडर, अमोनियम बाइसल्फाइट सॉल्यूशन और सोडियम बाइसल्फाइट पाउडर/सॉल्यूशन शामिल हैं। इन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल मुख्य रूप से ऑयल ड्रिलिंग, फार्मास्यूटिकल्स, फूड और बेवरेज, पल्प और पेपर, और वॉटर ट्रीटमेंट जैसे उद्योगों में प्रिजर्वेटिव, रिड्यूसिंग एजेंट, ऑक्सीजन स्केवेंजर और प्रोसेस इंटरमीडिएट के तौर पर किया जाता है। कंपनी अपने प्रोडक्ट्स को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में बेचती है।
शांति इनऑर्गेनिक्स ने IPO से पहले एंकर इनवेस्टर्स से 13.44 करोड़ रुपये जुटाए थे। कंपनी का वित्त वर्ष 2025-26 में रेवेन्यू 25 प्रतिशत बढ़कर 72.93 करोड़ रुपये हो गया। शुद्ध मुनाफा 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 10.22 करोड़ रुपये रहा। अप्रैल-मई 2026 के दौरान रेवेन्यू 16.10 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 2.50 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
शांति इनऑर्गेनिक्स अपने पब्लिक इश्यू से हुई कमाई में से ज्यादातर पैसों का इस्तेमाल गुजरात के अहमदाबाद में एक नया प्लांट लगाने के लिए करेगी। यह प्लांट सोडियम मेटा सोडियम मेटा-बाइसल्फाइट, सोडियम बाइसल्फाइट पाउडर और अमोनियम बाइसल्फाइट बनाने के लिए लगाया जा रहा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।