TD Power Share Price: एसी जेनेरेटर्स और इलेक्ट्रिक मोटर्स बनाने वाली टीडी पावर सिस्टम्स के शेयर QIP (क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट) इश्यू बंद होने के बाद बिकवाली की आंधी में फंस गए। कंपनी ने इस इश्यू के जरिए ₹600 करोड़ जुटाए हैं और इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स को प्रति शेयर ₹775 के भाव पर शेयर जारी किए। यह सामने आने के बाद आज शेयरों पर दबाव दिखा। फिलहाल बीएसई पर यह 3.27% की गिरावट के साथ ₹796.85 पर है। इंट्रा-डे में यह 3.77% टूटकर ₹792.75 तक आ गया था। वैसे एक अहम बात ये भी है कि एक साल में टीडी पावर सिस्टम्स के शेयरों ने निवेशकों की पूंजी लगभग तीन गुना की है।
TD Power Systems के QIP में किन दिग्गजों ने लगाए पैसे
टीडी पावर सिस्टम्स ने QIP इश्यू के जरिए ₹599.99 करोड़ जुटाए हैं। इस इश्यू के लिए प्रति शेयर ₹775.35 का फ्लोर प्राइस था और कंपनी ने इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स को इस फ्लोर प्राइस से 0.05% डिस्काउंट ₹775 के भाव पर शेयर जारी किए। यह इश्यू 7 अक्टूबर को खुला था और 12 को बंद हुआ। इस इश्यू के बाद कंपनी का पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल ₹31.37 करोड़ से ₹32.14 करोड़ पर पहुंच गया।
इस इश्यू के तहत कई स्कीमों के जरिए एक्सिस म्यूचुअल फंड को 10,32,258 शेयर मिले जो इश्यू का 13.33% हिस्सा रहा। इतने ही शेयर केनरा रोबेको फंड और ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड ने भी कई स्कीमों के जरिए हासिल किए। इसके अलावा मिरे एसेट म्यूचुअल फंड ने कई स्कीमों के जरिए 6,45,161 शेयर (इश्यू का 8.33% हिस्सा) हासिल किया। कई स्कीमों के जरिए आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड ने 4,51,612 शेयर (5.83% हिस्सा), Societe Generale–ODI ने 4,38,708 शेयर (5.67% हिस्सा) और कई स्कीमों के जरिए बंधन म्यूचुअल फंड ने 3,87,096 शेयर (5% हिस्सा) हासिल किया।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
टीडी पावर सिस्टम्स के शेयरों ने निवेशकों के पोर्टफोलियो को तगड़ा चार्ज किया है। पिछले साल 14 अक्टूबर 2025 को बीएसई पर यह ₹291.58 पर था, जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से एक साल में यह 193.57% उछलकर कुछ दिनों पहले 5 अक्टूबर 2026 को ₹856.00 के लेवल पर पहुंच गए जोकि इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस प्रकार एक साल में ही इसने निवेशकों की पूंजी करीब तीन गुना बढ़ा दी।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।