Share Market Fall: विदेशी निवेशकों की बिकवाली और मुनाफावसूली ने मार्केट पर ऐसा दबाव बनाया कि अधिकतर एशियाई बाजारों में रौनक के बीच घरेलू स्टॉक मार्केट में लालिमा छा गई। सेंसेक्स डे-हाई से 491 प्वाइंट्स टूट गया तो निफ्टी भी फिसलकर 22900 के काफी करीब आ गया। कि ब्रोडर लेवल पर तो बिकवाली का और दबाव है। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में करीब आधे-आधे फीसदी की गिरावट है।
अब घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो फिलहाल 09:40 AM पर सेंसेक्स (Sensex) 224.33 प्वाइंट्स यानी 0.30% की गिरावट के साथ 74,091.28 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 57.50 प्वाइंट्स यानी 0.25% की फिसलन के साथ 22,939.85 पर है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स पहले 188.73 प्वाइंट्स चढ़कर 74,504.34 तक पहुंचा था, जिससे यह 491.35 प्वाइंट्स टूटकर 74,012.99 तक आ गया तो दूसरी तरफ निफ्टी भी 79.20 प्वाइंट्स चढ़कर 23,076.55 तक पहुंचा था, जिससे यह 162.75 प्वाइंट्स गिरकर 22,913.80 तक आ गया।
Stock Market Fall: ये है वजह
एक कारोबारी दिन पहले सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार तेजी आई और ये शानदार बढ़त के साथ बंद भी हुए। ऐसे में आज ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली ने दबाव डाला।
मार्केट की घबराहट को मापने वाले वोलैटिलिटी इंडेक्स India VIX में उछाल से मार्केट पर दबाव बढ़ा है। फिलहाल यह 2.42% की तेजी के साथ 14.37 पर है। इसके अधिक होने का मतलब शॉर्ट टर्म में वोलैटिलिटी बढ़ने की आशंका और कम होने का मतलब शॉर्ट टर्म में उठा-पटक कम होने की संभावना है।
बैंकिंग शेयरों में बिकवाली का तेज दबाव
आईटी सेक्टर मार्केट को ऊपर खींचने की कोशिश कर रहा और इसका निफ्टी इंडेक्स 2% से अधिक ऊपर चढ़ा है। हालांकि इसे अच्छा सपोर्ट नहीं मिल पाया। ऑटो, फार्मा, पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक और एफएमसीजी सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स लाल हैं लेकिन इसमें से फिलहाल सिर्फ एफएमसीजी सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स में आधे फीसदी से अधिक की गिरावट है। निफ्टी रियल्टी भी आधे फीसदी से अधिक कमजोर है तो ऑयल एंड गैस का निफ्टी इंडेक्स 1% टूट गया।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने बिकवाली का सिलसिला जारी रखा और 15 अक्टूबर को लगभग ₹5,285 करोड़ के शेयरों की नेट बिक्री की।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।