Share Market: सेंसेक्स सपाट हुआ बंद, छोटे और मझोले शेयरों ने कराई ₹60000 करोड़ की कमाई

Share Market Today: भारी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच शेयर बाजार आज 1 अक्टूबर को लगभग सपाट बंद हुए। सेंसेक्स में 34 अंक की मामूली गिरावट रही। हालांकि छोटे और मझोले शेयरों में अच्छी तेजी रही। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज दिन भर में करीब 60,000 करोड़ रुपये बढ़ गई

अपडेटेड Oct 01, 2024 पर 4:12 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज बढ़कर 474.95 लाख करोड़ रुपये हो गया

Share Market Today: भारी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच शेयर बाजार आज 1 अक्टूबर को लगभग सपाट बंद हुए। सेंसेक्स में 34 अंक की मामूली गिरावट रही। हालांकि छोटे और मझोले शेयरों में अच्छी तेजी रही। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज दिन भर में करीब 60,000 करोड़ रुपये बढ़ गई। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमश: 0.27 फीसदी और 0.56 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। आज के कारोबार के दौरान आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही। वहीं दूसरी ओर मेटल, ऑयल एंड गैस और टेलीकम्युनिकेशंस में गिरावट रही।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 33.49 अंक या 0.04 फीसदी की गिरावट के साथ 84,266.29 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 13.95 अंक या 0.054 फीसदी लुढ़ककर 25,796.90 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों ने ₹60,000 करोड़ कमाए

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 1 अक्टूबर को बढ़कर 474.95 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार 30 सितंबर को 474.35 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 60,000 करोड़ बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 60,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।


सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर

गिरावट इतनी तेज थी कि बीएसई सेंसेक्स के 30 में से सिर्फ 14 शेयर आज हरे निशान में हुए। इसमें टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) के शेयरों में 2.93 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank), इंफोसिस (Infosys) और एचसीएल टेक (HCL Tech) के शेयर 1.14 फीसदी से लेकर 2.22 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर

वहीं सेंसेक्स के बाकी 16 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) का शेयर 2.64 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं एशियन पेंट्स (Asian Paints), हिंदु्स्तान यूनिलीवर (HUL), टाटा मोटर्स (Tata Motors) और टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयरों में 0.86 फीसदी से 1.54% तक की गिरावट देखी गई।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

sensex68

2,218 शेयरों में रही गिरावट

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,054 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,304 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,658 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 92 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 240 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 37 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

sensex68f

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

यह भी पढ़ें- RVNL News: इस तिमाही का पहला ऑर्डर, लेकिन शेयरों पर अभी नहीं दिखा पॉजिटिव असर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।