Share Market Today: शेयर बाजार में सोमवार 29 जुलाई को नया रिकॉर्ड बना। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने अपना अबतक का सबसे ऊंचा स्तर छुआ। हालांकि इसके बाद हुई मुनाफावसूली के चलते दोनों इंडेक्स लगभग सपाट बंद हुए। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में जोरदार तेजी जारी रही। बीएसई के मिडकैप इंडेक्स 0.80 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.17 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। इसके चलते आज दिन भर में शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति करीब 3.14 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। सबसे अधिक तेजी कैपिटल गुड्स, रियल्टी और ऑयल एंड गैस शेयरों में देखने को मिली।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 23.12 अंक या 0.028% की बढ़त के साथ 81,355.84 अंक पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 81,908.43 के अपने उच्च स्तर पर पहुंच गया। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 1.25 अंक या 0.005% की मामूली बढ़त के साथ 24,836.10 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी ने भी इंट्राडे के दौरान 24,999.75 का अपना नया ऑलटाइम हाई बनाया।
निवेशकों ने ₹3.14 लाख करोड़ कमाए
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर
बीएसई सेंसेक्स के आज 30 में से 16 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भी लर्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में सबसे अधिक 2.77 फीसदी की तेजी रही। इसके बाद बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), अल्ट्राटेक सीमेंट, (UltraTech Cement) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शेयरों में सबसे अधिक तेजी देखी गई और ये 1.05% से लेकर 2.24 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर
वहीं सेंसेक्स के बाकी 14 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी टाइटन (Titan) का शेयर 2.38 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। इसके अलावा भारती एयरटेल (Bharti Airtel), आईटीसी (ITC), टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) और कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) के शेयर 1.04% से लेकर 2.22% की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,354 शेयरों में रही तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,198 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,354 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,701 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 143 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 404 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 23 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।