Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों के रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला सोमवार 15 जनवरी को भी जारी रहा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों अपने अबतक के सबसे ऊंचे स्तर पर बंद हुए। बस दिनभर में निवेशकों की संपत्ति 3 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। वहीं पिछले 2 कारोबारी दिन में निवेशकों की संपत्ति करीब 6 लाख करोड़ रुपये बढ़ चुकी है। यह लगातार पांचवा दिन था, जब भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुए हैं। करोबार के दौरान निफ्टी ने 22,115.55 अंक और सेंसेक्स ने 73,402.16 अंक का नया उच्चतम स्तर छुआ। आईटी कंपनियों के उम्मीद से अच्छे नतीजों ने बाजार के जोश को बढ़ाने में अहम योगदान दिया है।
