Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों की रिकॉर्ड तेजी बुधवार को भी जारी रही। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों अपने नए उच्चतम स्तर पर बंद हुए। सेंसेक्स ने जहां 358 अंकों की छलांग लगाई वहीं निफ्टी बढ़कर 20,938 पर पहुंच गया। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 2.52 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। यह लगातार सातवां कारोबारी दिन है, जब दोनों प्रमुख इंडेक्स तेजी के साथ बंद हुए हैं। कारोबार के दौरान निफ्टी ने 20,961.95 अंक और सेंसेक्स ने 69,744.62 अंक के अपने नए ऑल टाइम हाई को छुआ। सबसे अधिक तेजी आईटी और पावर शेयरों में देखने को मिला।
कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 357.59 अंक यानी 0.52% की तेजी के साथ 69,653.73 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी (Nifty) 82.60 अंक या 0.40% बढ़कर 20,937.70 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों ने ₹2.52 लाख करोड़ कमाया
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर
सेंसेक्स के 30 में से 20 शेयर आज तेजी के साथ बंद हुए। इसमें भी विप्रो (Wipro) के शेयरों में सबसे अधिक 3.85 फीसदी की तेजी रही। वहीं आईटीसी (ITC), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), लर्सन एंड टुब्रो (L&T) और टाटा मोटर्स (Tata Motors) के शेयर करीब 1.93% से लेकर 2.51% तक की तेजी के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर
वहीं सेंसेक्स के बाकी 10 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी एनटीपीसी (NTPC) का शेयर 1.58 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं एक्सिस बैंक (Axis Bank), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank), अल्ट्राटेक सीमेंट (UltraTech Cement) और मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) के शेयर 0.96% से लेकर 1.16 फीसदी की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद होने वाला शेयर रहा।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
1,927 शेयरों में रही तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 3,895 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,927 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 1,821 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 147 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 374 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 33 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।