Share Market Down: शेयर बाजार में इन 4 कारणों से अचानक गिरावट, सेंसेक्स दिन के हाई से 1,000 अंक टूटा

Share Market Down: दोपहर 1:30 बजे के करीब, बीएसई सेंसेक्स 364 अंकों की गिरावट के साथ 77,747 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 113 अंक टूटकर 24,117 के करीब कारोबार कर रहा है। इससे पहले शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 78,730 तक और निफ्टी 24,400 के स्तर तक पहुंच गया था

अपडेटेड Apr 16, 2026 पर 2:29 PM
Story continues below Advertisement
Share Market Down: शेयर बाजार में आई गिरावट की सबसे बड़ी वजह मुनाफावसूली रही

Share Market Down: भारतीय शेयर बाजारों में गुरुवार 16 अप्रैल को दिखी शुरुआती तेजी टिक नहीं पाई और दोपहर तक बाजार लाल निशान में आ गया। सेंसेक्स दिन के हाई से करीब 1,000 अंकों तक टूट गया। वहीं निफ्टी गिरकर 24,100 के पास आ गया। निवेशकों ने दिन के उच्च स्तरों पर मुनाफावसूली की।

दोपहर 1:30 बजे के करीब, बीएसई सेंसेक्स 364 अंकों की गिरावट के साथ 77,747 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 113 अंक टूटकर 24,117 के करीब कारोबार कर रहा है। इससे पहले शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 78,730 तक और निफ्टी 24,400 के स्तर तक पहुंच गया था। लेकिन बाद में बाजार ने अपनी सारी बढ़त गंवा दिया।

इस दौरान GTPL हैथवे और तेजस नेटवर्क्स जैसे शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली, जो अपने कमजोर तिमाही नतीजों के बाद क्रमशः 5.5% और 4.5% तक टूट गए।


शेयर बाजार में आज की इस गिरावट के पीछे 4 बड़े कारण रहे-

1. मुनाफावसूली ने रोकी बाजार की रफ्तार

शेयर बाजार में आई गिरावट की सबसे बड़ी वजह मुनाफावसूली रही। इसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट देखने को मिली। इससे एक दिन पहले बुधवार को शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 1,263.67 अंक की बढ़त के साथ 78,111.24 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 388.65 अंक चढ़कर 24,231.30 के स्तर पर पहुंच गया।

रिलायंस ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा ने बताया, "हालिया तेजी के बाद बाजार में मुनाफावसूली आना स्वाभाविक है। हालांकि गिरावट की गुंजाइश सीमित दिख रही है।" उनका मानना है कि बाजार के लिए मौजूदा स्तरों पर कुछ समय तक स्थिर रहना बेहतर होगा, जिसके बाद निफ्टी 24,600–24,800 के दायरे की ओर बढ़ सकता है। साथ ही उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि वे सेक्टरों में हो रहे बदलाव के आधार पर सही शेयरों का चयन करें और पश्चिम एशिया से जुड़े संकट के हल होने तक सतर्क रणनीति अपनाएं।

2. ऑटो और FMCG शेयरों में बिकवाली

ऑटो और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला, जिसका असर पूरे बाजार पर पड़ा। ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज और नेस्ले इंडिया के शेयरों में करीब 1% तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं निफ्टी ऑटो इंडेक्स में हीरो मोटोकॉर्प और आयशर मोटर्स के शेयर भी लगभग 1% तक कमजोर हुए। इन सेक्टर्स का इंडेक्स में भारी वेटेज होने के कारण पूरे बाजार पर असर पड़ा।

3. 24,400 के स्तर पर मजबूत रेजिस्टेंस

तकनीकी तौर पर निफ्टी को 24,400 के स्तर पर कड़े रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ा। एनालिस्ट्स ने पहले से ही इसे एक अहम रेजिस्टेंस जोन बताया था। निफ्टी के इंट्राडे में 24,400.95 के स्तर को छूने के बाद मुनाफावसूली देखने को मिली, जिससे बाजार में गिरावट आई।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रेटेजिस्ट आनंद जेम्स के मुताबिक, बाजार के संकेतक (ऑसिलेटर्स) फिलहाल 24,400–24,900 के स्तर को तुरंत हासिल करने की स्थिति में नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और निफ्टी पहले 23,935 या 23,760 तक फिसल सकता है, इसके बाद फिर से तेजी की कोशिश हो सकती है। वहीं, अगर बाजार 24,140 के आसपास मजबूती बनाए रखता है, तो 24,350 तक उछाल संभव है, लेकिन इस तेजी के टिके रहने पर संदेह बना हुआ है।

4. बैंकिंग शेयरों में कमजोरी

बैंकिंग सेक्टर भी बाजार पर दबाव का कारण बना। निफ्टी बैंक अपने दिन के उच्च स्तर से करीब 1.35% तक फिसल गया, जिससे बाजार का सेंटीमेंट कमजोर पड़ गया।

यह भी पढ़ें- Q4 Results: टाटा ग्रुप की कंपनी को लगातार पांचवीं तिमाही हुआ घाटा, शेयर 4.5% से अधिक लुढ़के

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।