पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली है। इसके बावजूद सरकार ने विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (Special Additional Excise Duty (SAED) में कोई संशोधन नहीं किया है। विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क को आमतौर पर विंडफॉल टैक्स (windfall tax) के रूप में जाना जाता है। आमतौर पर, विंडफॉल टैक्स को हर पखवाड़े संशोधित किया जाता है। इसमें नवीनतम अपडेट 15-16 मार्च के बीच होने की उम्मीद थी। हालांकि खबर लिखे जाने तक सरकार की ओर से कोई अपडेट नहीं आया है। विंडफॉल टैक्स में संशोधन पर कोई अपडेट नहीं होना इसलिए महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि पिछले दो हफ्तों में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से गिरावट आई है। ब्रेंट और नायमैक्स क्रूड दोनों के दाम 12 प्रतिशत से ज्यादा गिरे हैं। रुपये के लिहाज से कीमतों में भी काफी करेक्शन देखा गया है।
