Shriram Properties IPO : 8 दिसंबर को खुलेगा आईपीओ, यहां जानिए प्राइस बैंड से लेकर हर डिटेल

आईपीओ के लिए 10 दिसंबर को बंद होगा सब्सक्रिप्शन, 20 दिसंबर को लिस्टिंग की उम्मीद

अपडेटेड Dec 06, 2021 पर 1:02 PM
Story continues below Advertisement
Shriram Properties

आईपीओ के लिए 10 दिसंबर को बंद होगा सब्सक्रिप्शन, 20 दिसंबर को लिस्टिंग की उम्मीद

श्रीराम ग्रुप की रियल एस्टेट कंपनी श्रीराम प्रॉपर्टीज (Shriram properties) अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) को पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए 8 दिसंबर को लॉन्च करेगी, जो 10 दिसंबर को बंद हो जाएगा। इस साल प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़ी यह किसी दूसरी कंपनी की लिस्टिंग होगी। इससे पहले इसी साल अप्रैल में मैक्रोटेक डेवलपर्स लि. (पूर्व नाम लोढा डेवलपर्स) ने आईपीओ के माध्यम से 2,500 करोड़ रुपये जुटाए थे।

600 करोड़ रुपये है आईपीओ साइज

600 करोड़ रुपये की शुरुआती शेयर बिक्री के लिए इसका प्राइस बैंड 113-118 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी ने अपनी बिक्री पेशकश (ओएफएस) का साइज 550 करोड़ रुपये से घटाकर 350 करोड़ रुपये कर दिया है। अब आईपीओ का साइज पहले तय 800 करोड़ रुपये से घटकर 600 करोड़ रुपये रह गया है।


LIC की एसेट क्वालिटी में सुधार, NPA भी हुआ कम

कर्मचारियों को डिस्काउंट पर मिलेंगे शेयर

इस पब्लिक इश्यू में 250 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर और 350 करोड़ रुपये का ओएफएस शामिल है। इश्यू में 3 करोड़ रुपये के शेयर कंपनी के कर्मचारियों के लिए आरक्षित हैं, जिन्हें फाइनल इश्यू प्राइस की तुलना में 11 रुपये डिस्काउंट पर ये शेयर मिलेंगे। बाजार के जानकारों के मुताबिक, श्रीराम प्रॉपर्टीज के शेयर आज ग्रे मार्केट में 20 रुपये के मजबूत प्रीमियम पर मिल रहे हैं।

चार निवेशकों को दिया आंशिक निकासी का प्रस्ताव

श्रीराम प्रॉपर्टीज ने अपने चार मौजूदा निवेशकों – टीपीजी कैपिटल, टाटा कैपिटल, वाल्टन स्ट्रीट कैपिटल और स्टारवुड कैपिटल को आंशिक निकासी का प्रस्ताव दिया है। इन निवेशकों के पास कंपनी की लगभग 58 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी की इससे मिली पूंजी को कर्ज और सामान्य उद्देश्यों के लिए रिपेमेंट और/ या प्री-पेमेंट में इस्तेमाल करने की योजना है।

श्रीराम प्रॉपर्टीज की दक्षिण भारत में अच्छी मौजूदगी है। उसने कई रियल एस्टेट परियोजनाओं को पूरा किया है और कई परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।

75 फीसदी हिस्सा क्यूआईबी के लिए आरक्षित

इश्यू का लगभग 75 फीसदी हिस्सा पात्र संस्थागत खरीदारों (QIB) के लिए, 15 फीसदी गैर संस्थागत निवेशकों और बाकी 10 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। इश्यू के लिए एक्सिस सिक्योरिटीज, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और नॉमुरा फाइनेंशियल एडवाइजरी एंड सिक्योरिटीज को प्रमुख मैनेजर नियुक्त किया गया है। कंपनी के शेयर की बीएसई और एनएसई पर 20 दिसंबर, 2021 को लिस्टिंग होने का अनुमान है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।