सिंगर बादशाह ने निखिल कामत से पूछा-3 करोड़ का निवेश कहां करने पर मिलेगा मोटा मुनाफा? जानिए कामत का जवाब

निखिल कामत ने अपने पॉडकास्ट डब्ल्यूटीएफ में रैपर बादशाह और फिल्म एक्ट्रेस कृति सेनोन से बातचीत की। इसमें बिजनेस और इनवेस्टमेंट को लेकर उन्होंने कई अहम बातें बताईं। उन्होंने यह भी बताया कि आज कहां निवेश करने पर अच्छा रिटर्न मिल सकता है

अपडेटेड Sep 02, 2024 पर 11:45 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
निखिल कामत ने निवेश से पहले किसी बिजनेस के बारे में पूरी तरह से रिसर्च करने की सलाह दी।

स्टॉक ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म जीरोधा के निखिल कामत ने अपने पॉडकास्ट डब्ल्यूटीएफ के हालिया एपिसोड में रैपर बादशाह और फिल्म एक्ट्रेस कृति सेनोन के साथ बिजनेस और निवेश को लेकर अपनी सोच के बारे में बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दोनों को बिजनेस और इनवेस्टमेंट से जुड़ी सलाह भी दी। उन्होंने निवेश से जुड़े बादशाह के सवालों के जवाब दिए। बादशाह ने पूछा कि अभी कहां निवेश करने पर सबसे ज्यादा कमाई होगी। बादशाह ने कामत से शॉर्ट टर्म में निवेश के मौकों के बारे में भी पूछा। उन्होंने पूछा कि अगर आज किसी को 3 करोड़ रुपये इनवेस्ट करने हों तो कहां इनवेस्ट करने में शॉर्ट टर्म में मोटा मुनाफा होगा। आइए जानते हैं कामत ने जवाब में क्या कहा।

एनर्जी सेक्टर में निवेश के मौके

कामत (Nikhil Kamath) ने कहा कि अभी एनर्जी सेक्टर (Energy Sector) बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। इसमें निवेश के मौके दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि Fossil Fuels यानी कोयला और क्रूड ऑयल जैसे ऊर्जा के पारंपरिक स्रोतों का इस्तेमाल धीरे-धीरे घट रहा है। ऐसे में रिन्यूएबल एनर्जी (Renewable Energy) एक बड़े सेक्टर के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा, "आज एनर्जी ट्रांजिशन पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी चीज है। इतिहास की ज्यादातर लड़ाइयां इसी को लेकर लड़ी गई हैं।"

इन शेयरों में निवेश से होगी मोटी कमाई


जीरोधा के को-फाउडर ने कहा कि अभी सोलर एनर्जी कंपनियों, इलेक्ट्रिक कार कंपनियों और बैटरी बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में निवेश करने से मोटी कमाई हो सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार भी रिन्यूएल एनर्जी के इस्तेमाल को बढ़ाना चाहती है। इसके लिए वह इस सेक्टर को कई तरह से प्रोत्साहन दे रही है। कामत ने कहा कि फिलहाल ऐसे सेक्टर से दूर रहने में भलाई है, जिनमें काफी ग्रोथ दिख चुकी है। इसके बजाय उन क्षेत्रों पर फोकस करने की जरूरत है, जिनमें अगले देश में ग्रोथ की अच्छी संभावनाएं हैं।

ग्रोथ की संभावना वाले सेक्टर में करें निवेश

उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि कई निवेश सेलिब्रिटी के करीब पहुंचने के लिए बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनियों में निवेश करते हैं। लेकिन, उन्हें अपने निवेश पर अच्छा मुनाफा नहीं मिलता है। उन्होंने निवेश के लिहाज से बॉलीवुड को ऐसी जगह बताई, जहां निवेश करने पर रिटर्न नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि निवेशकों को एक ऐसा सेक्टर चुनना चाहिए, जिसमें उसका भरोसा हो। उसे यह भरोसा होना चाहिए कि यह सेक्टर अगले 10 साल में आज के मुकाबले पांच गुना या 10 गुना हो जाएगा।

किसी बिजनेस में निवेश से पहले जरूरी है रिसर्च

उन्होंने निवेश से पहले किसी बिजनेस के बारे में पूरी तरह से रिसर्च करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अचानक कहीं निवेश करने की जगह निवेशक को किसी सेक्टर को समझने के लिए थोड़ा समय देना होगा। उन्होंने कहा कि आपको सिर्फ इसलिए किसी बिजनेस में नहीं करना चाहिए, क्योंकि वह आपको अच्छा लगता है। उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि अगर कोई चीज शुरुआत में ठीक नहीं चल रही है, तो वह कभी ठीक नहीं चलेगी।"

यह भी पढ़ें: Gujarat Gas Share Price: मर्जर-डीमर्जर प्लान पर शेयर रॉकेट, 13% का तगड़ा उछाल, ब्रोकरेज ने बढ़ाया टारगेट प्राइस

किसी सेक्टर में सिर्फ दिलचस्पी की वजह से नहीं करें निवेश

कृति सेनोन ने अपनी स्किनकेयर लाइन की लॉन्चिंग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह बिजनेस बहुत सोचसमझकर शुरू नहीं किया गया था, बल्कि उन्होंने इसलिए इसे शुरू किया था क्योंकि यह उन्हें बहुत ज्यादा पसंद था। इस पर कामत ने कहा कि किसी चीज में दिलचस्पी होना जरूरी है। लेकिन, सिर्फ दिलचस्पी के आधार पर किसी बिजनेस को शुरू करना ठीक नहीं है। ये ऐसे फील्ड हैं, जहां प्रतियोगिता बहुत ज्यादा है और सफलता की उम्मीद कम है। इससे बिजनेस से रिटर्न घट जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।