वित्त वर्ष 2023 के दौरान ब्लूचिप के मुकाबले छोटे शेयरों की अधिक पिटाई देखने को मिली है। बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स (BSE Smallcap Index) इस वित्त वर्ष में 6% टूट चुका है। जबकि इसके मुकाबले सेंसेक्स में सिर्फ 1% की गिरावट आई है। छोटे शेयरों में अधिक गिरावट के पीछे ब्याज दरों में बढ़ोतरी, महंगाई की उच्च दर और रूस-यूक्रेन जंग सहित कई नकारात्मक कारण हैं। मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार के लिए यह एक उथल-पुथल वाला साल था। रूस-यूक्रेन जंग के चलते मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में खासतौर से बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली थी। हालांकि दूसरी और तीसरी तिमाही में सम्मानजनक रिकवरी देखी गई थी।
