SME सेगमेंट में तीन स्टॉक्स की लिस्टिंग, एक लोअर सर्किट तो दूसरे में IPO निवेशक 40% मुनाफे में
SME Listing: बीएसई एसएमई पर आज दो स्टॉक्स की एंट्री हुई जिसमें से एक फ्लैट लिस्ट हुआ तो दूसरा 33% से अधिक प्रीमियम पर एंट्री करते ही अपर सर्किट पर पहुंच गया। वहीं दूसरी तरफ एनएसई एसएमई पर एक स्टॉक लिस्ट हुआ लेकिन फ्लैट एंट्री के बाद टूटकर यह लोअर सर्किट पर आ गया। नई खरीदारी से पहले चेक करें कि इनमें से किसकी कारोबार सेहत बेहतर है
SME Listing: आज तीन एसएमई- इनफ्रैक्स रिन्यूएबल (Infrax Renewable), विनोद टेक्सवर्ल्ड (Vinod Texworld) और एमटेक एस्टर्स (Amtech Esters) के शेयर लिस्ट हुए हैं।
SME Listing: आज आईपीओ मार्केट में जबरदस्त रौनक रही। एक तरफ मेनबोर्ड सेगमेंट से यानी कि बीएसई और एनएसई पर छह स्टॉक्स की एंट्री हुई तो दूसरी तरफ एसएमई सेगमेंट में भी 9-11 सितंबर तक आईपीओ खुलने के बाद तीन स्टॉक्स लिस्ट हुए। एक तरफ बीएसई पर इनफ्रैक्स रिन्यूएबल (Infrax Renewable) के शेयर फ्लैट लिस्ट हुए और एमटेक एस्टर्स (Amtech Esters) 33% से अधिक प्रीमियम पर लिस्ट हुए तो दूसरी तरफ एनएसई एसएमई पर विनोद टेक्सवर्ल्ड (Vinod Texworld) के शेयरों की एकदम फ्लैट एंट्री हुई। इसमें से इनफ्रैक्स रिन्यूएबल के शेयर ₹104.00 पर फ्लैट बने हुए हैं तो दूसरी तरफ एमटेक एस्टर्स के शेयर 5% के अपर सर्किट ₹105.00 पर पहुंच गए यानी कि आईपीओ निवेशकों की पूंजी 40% बढ़ गई। वहीं दूसरी तरफ विनोद टेक्सवर्ल्ड के शेयर फ्लैट एंट्री के बाद टूटकर ₹89.30 के लोअर सर्किट पर आ गए यानी कि आईपीओ निवेशकों की पूंजी 5% घट गई।
कंपनी
इश्यू प्राइस
लिस्टिंग प्राइस
लिस्टिंग गेन
मौजूदा भाव
मुनाफा/घाटा
इनफ्रैक्स रिन्यूएबल (Infrax Renewable)
₹104.00
₹104.00
0.00%
₹104.00
0.00%
एमटेक एस्टर्स (Amtech Esters)
₹75.00
₹100.00
33.33%
₹105.00
40.00%
विनोद टेक्सवर्ल्ड (Vinod Texworld)
₹94.00
₹94.00
0.00%
₹89.30
(-)5.00%
Infrax Renewable
इनफ्रैक्स रिन्यूएबल के ₹41 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹104 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। इसका आईपीओ ओवरऑल 2.05 गुना भरा था, जिसमें नॉन-इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 1.39 गुना और खुदरा निवेशकों का आरक्षित आधा हिस्सा 1.90 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत ₹34 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं और बाकी ₹10 की फेस वैल्यू वाले ₹7 करोड़ के 6,80,400 शेयर ऑफर फॉर सेल के तहत बिके हैं।
ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है तो नए शेयरों के जरिए जुटाए गए ₹12.29 करोड़ मशीनरी और इक्विपमेंट्स की खरीदारी, ₹17.00 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों, ₹2.03 करोड़ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और ₹3.00 करोड़ आईपीओ से जुड़े एक्सपेंसेज पर खर्च होंगे।
इंफ्रैक्स एक सोलर सॉल्यूशंस कंपनी है जो अपने ग्राहकों के लिए सोलर प्लांट्स बनाती है, सोलर इक्विपमेंट्स बेचती है और खुद भी सोलर बिजली तैयार करके बेचती है।
इसके वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 226% की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹10.20 करोड़ और टोटल इनकम 211% के सीएजीआर से ₹93.33 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹6.99 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹14.52 करोड़ पड़े थे।
Amtech Esters
एमटेक एस्टर्स के ₹18 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹75 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। इसका आईपीओ ओवरऑल 25.70 गुना भरा था, जिसमें खुदरा निवेशकों का आरक्षित हिस्सा 28.93 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले सिर्फ 23.84 नए शेयर जारी हुए हैं।
आईपीओ के जरिए जुटाए गए ₹8.81 करोड़ सब्सिडरी क्रोड पिगमेंट्स में निवेश, ₹4.20 करोड़ कर्ज हल्का करने और बाकी पैसे अधिग्रहण और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
एमटेक एस्टर्स एक बी2बी केमिकल मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है।यह मुख्य रूप से UPR (अनसैटुरेटेड पॉलीएस्टर रेजिन्स) बनाती है और साथ में रेजिन और एफआरपी इंडस्ट्री में इस्तेमाल होने वाले दूसरे जरूरी प्रोडक्ट्स बेचती है, जिससे इंडस्ट्रियल ग्राहकों को को कई चीजें एक ही सप्लायर से मिल जाती हैं।
इसके वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 22% की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹4.22 करोड़ और टोटल इनकम 22% से अधिक के सीएजीआर से ₹40.75 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹3.41 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹13.14 करोड़ पड़े थे।
Vinod Texworld
विनोद टेक्सवर्ल्ड के ₹43 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹94 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। इसका आईपीओ ओवरऑल 1.60 गुना भरा था, जिसमें नॉन-इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स का हिस्सा 0.30 गुना और खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 2.91 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 45,56,400 नए शेयर जारी हुए हैं। इसके जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹6.39 करोड़ मौजूदा प्लांट के विस्तार, ₹7.15 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹20.35 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों, ₹5.97 करोड़ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और ₹2.97 करोड़ आईपीओ से जुड़े एक्सपेंसेज पर खर्च होंगे।
विनोद टेक्सवर्ल्ड कॉटन, पॉलीएस्टर और ब्लेंडेड फैब्रिक के डाई और प्रिंटेड फैब्रिक्स तैयार कर बेचती है। इसके अलावा यह थर्ड पार्टी सप्लायर से जुटाकर भी कपड़े बेचती है।
इसके वित्तीय सेहत की बात करें वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना करीब 38% की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹10.41 करोड़ और टोटल इनकम उठा-पटक के साथ 12% से अधिक के सीएजीआर से ₹342.96 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹70.48 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹31.20 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।