Policybazaar में अपनी 5% हिस्सेदारी घटाएगी SoftBank, कल ब्लॉक डील में बेचेगी ₹1,000 करोड़ के शेयर

PolicyBazaar Block Deal: यह ब्लॉक डील 440 रुपये के बेस प्राइस पर हो सकती है और पूरी हिस्सेदारी की वैल्यू करीब 1,000 करोड़ रुपये है

अपडेटेड Dec 01, 2022 पर 8:17 PM
Story continues below Advertisement
PB फिनटेक के शेयर पिछले साल नवंबर में स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हुई थी

पॉलिसीबाजार (Policybazaar) की मूल कंपनी पीबी फिनटेक (PB Fintech) के शेयरों में शुक्रवार 2 दिसंबर को एक ब्लॉक डील (Block Deal) देखने को मिल सकती है। हमारे सहयोगी न्यूज चैनल सीएनबीसी-आवाज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जापान की दिग्गज इनवेस्टमेंट कंपनी सॉफ्टबैंक (Softbank) कल एक ब्लॉक डील के जरिए पॉलिसीबाजार में अपनी 5% हिस्सेदारी बेच सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक इस हिस्सेदारी को 440 रुपये के बेस प्राइस पर बेचा जाएगा और पूरी हिस्सेदारी की वैल्यू करीब 1,000 करोड़ रुपये है।

फिलहाल सॉफ्टबैंक के पास PolicyBazaar की करीब 10 फीसदी हिस्सेदारी है। ब्लॉक डील के पूरा होने के बाद बाद इसकी हिस्सेदारी घटकर 5 फीसदी पर आ जाएगी। PB फिनटेक पिछले साल नवंबर में स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हुई थी और पिछले महीने ही उसके प्री-IPO निवेशकों के लिए लॉक-इन पीरियड खत्म हुआ है।

PolicyBazaar के शेयर गुरुवार को बीएसई पर 2.05 की बढ़त के साथ 461.55 रुपये के भाव पर बंद हुए। इस तरह यह ब्लॉक डील पॉलिसी बाजार के मौजूदा भाव से करीब 5 फीसदी कम कीमत पर हो सकती है। सिटी इस ब्लॉक डील की इकलौती ब्रोकर है।


यह भी पढ़ें- Zomato के शेयरों को Motilal Oswal ने दी BUY रेटिंग, कहा- 3 महीने में मिल सकता है 30% का रिटर्न

Softbank को अपने निवेश पर मिला 2.5 गुना लाभ

सॉफ्टबैंक ने PolicyBazaar में 19.9 करोड़ डॉलर निवेश किया था और पिछले साल कंपनी के IPO में करीब 25 करोड़ डॉलर के शेयर बेचे थे। सॉफ्टबैंक ने PolicyBazaar में अपने निवेश पर 38 फीसदी के इंटरनल रिटर्न के साथ करीब 2.5 गुना लाभ कमाया था।

सितंबर तिमाही में PolicyBazaar का घाटा हुआ कम

सितंबर तिमाही में, PB फिनटेक का शुद्ध घाटा कम होकर 186.63 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी का घाटा 204.44 करोड़ रहा था। कंपनी ने बताया कि इंश्योरेंस प्रीमियम, क्रेडिट डिस्बर्सल और ऑपरेटिंग रेवेन्यू में मजबूत ग्रोथ के चलते उसे अपना घाटा कम करने में मदद मिली है।

रेवेन्यू में दोगुने से अधिक की उछाल

कंपनी ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसका रेवेन्यू 105.11 फीसदी बढ़कर 573.47 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 279.58 करोड़ रुपये रहा था।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।