Defence stocks: अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के चौथे दिन एशियाई शेयर बाजारों में डिफेंस सेक्टर के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। साउथ कोरिया में मंगलवार को डिफेंस कंपनियों के शेयर 30 प्रतिशत तक उछल गए। मवार को अवकाश के कारण बंद रहे साउथ कोरियाई बाजारों में आज खुलते ही डिफेंस शेयरों में आक्रामक खरीदारी देखने को मिली।
देश की सबसे बड़ी डिफेंस कंपनी हानवा एयरोस्पेस के शेयर मंगलवार को 22% तक बढ़ गए। वहीं कोरिया एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के शेयर में 7% से ज्यादा की बढ़त देखी गई।
साउथ कोरियन एयर डिफेंस सिस्टम बनाने वाली कंपनी लिग्नेक्स1 में 30% की जबरदस्त तेजी आई। वहीं इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल कंपोनेंट बनाने वाली कंपनी विक्टेक और फर्स्टेक में भी मंगलवार को 20% से ज्यादा की उछाल देखी गई।
पूंगसन जैसी दूसरी कंपनियों के शेयर 14% तक बढ़े, जबकि K2 मेन बैटल टैंक बनाने वाली हुंडई रोटेम के शेयर में 18% की बढ़त देखी गई।
बाकी बाजार से बेहतर प्रदर्शन
साउथ कोरिया के डिफेंस सेक्टर ने मंगलवार को KOSPI इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन किया। मंगलवार को KOSPI इंडेक्स 2 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। यह एशिया-पैसिफिक इंडेक्स में सबसे अधिक गिरने वाला इंडेक्स रहा। हालांकि दूसरी ओर इसके डिफेंस शेयरों में तेजी रही।
साउथ कोरिया ने 2030 तक दुनिया की चौथी सबसे बड़ी डिफेंस इंडस्ट्री शक्ति बनने का लक्ष्य रखा है। हाल के वर्षों में पोलैंड और रोमानिया जैसे देशों से मिले बड़े ऑर्डरों के कारण उसके स्थानीय डिफेंस इंडस्ट्री को ग्लोबल पहचान मिली है। रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते यूरोपीय देशों ने डिफेंस खर्च में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की है, जिससे साउथ कोरियाई कंपनियों के लिए एक्सपोर्ट के अवसर मिल रहे हैं।
ग्लोबल स्तर पर भी डिफेंस शेयरों में तेजी
मिडिल ईस्ट में युद्ध के तेज होने के बाद सोमवार को ग्लोबल शेयर बाजारों में भी डिफेंस कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी गई। भारत में पारस डिफेंस और आइडियाफोर्ज जैसे शेयर 6 से 7 प्रतिशत तक चढ़ गए। वहीं सोलर इंडस्ट्रीज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में 2 से 4 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली।
यूरोप में Stoxx 600 इंडेक्स में जर्मनी के हेन्सोल्ड्ट और ब्रिटेन के BAE सिस्टम्स सोमवार को टॉप परफॉर्मर रहे, जिनमें से हर एक में 5% से ज्यादा की बढ़त देखी गई। वहीं वॉल स्ट्रीट पर लॉकहीड मार्टिन और नॉर्थ्रॉप ग्रुम्मन के शेयर रातों-रात 3% से 6% तक बढ़ गए।
निवेशकों का झुकाव ‘सेफ’ सेक्टर की ओर
एनालिस्ट्स का मानना है कि युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव के दौरान निवेशक डिफेंस सेक्टर को अपेक्षाकृत सुरक्षित दांव मानते हैं। रक्षा खर्च में संभावित बढ़ोतरी और नए ऑर्डरों की उम्मीद से डिफेंस कंपनियों के शेयरों में तेजी आती है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।