स्पाइसजेट (SpiceJet) के शेयरों में आज कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में भी खरीदारी का अच्छा रुझान दिखा। कंपनी ने आज एक्सपोर्ट डेवलपमेंट कनाडा (EDC) के साथ 755 करोड़ रुपये की देनदारी के सेटलमेंट का ऐलान किया है। कंपनी ने इसे अपने फाइनेंशियल रीस्ट्रक्चरिंग की कोशिशों में सबसे बड़ा कदम कहा है। इसके चलते शेयरों को तगड़ा सपोर्ट मिला और यह 7 फीसदी से अधिक उछल गया। आज BSE पर यह 3.93 फीसदी की बढ़त के साथ 61.06 रुपये के भाव (SpiceJet Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 7.23 फीसदी उछलकर 63.00 रुपये तक पहुंच गया था।
SpiceJet की होगी भारी बचत
स्पाइसजेट ने एक्सपोर्ट डेवलपमेंट कडा के साथ 775 करोड़ रुपये की देनदारी के सेटलमेंट का ऐलान किया है। सेटलमेंट के तहत स्पाइसजेट 755 करोड़ रुपये चुकाएगी और इससे न सिर्फ इसका भारी-भरकम वित्तीय बोझ हल्का होगा बल्कि इसकी बैलेंस शीट भी सुधरेगी और काफी बचत भी होगी। इस सेटलमेंट से स्पाइसजेट के लिए 567 करोड़ रुपये की सेविंग्स जेनेरेट होगी। कंपनी ने 2011 में 15 विमानों के लिए यह लोन लिया था। इसमें से अभी Q400 के 12 विमान बंद पड़े हैं। अब कंपनी का कहना है कि देनदारियां पूरा होने पर ये चालू हो जाएंगे और फिर कंपनी फटाफट उड़ानें शुरू करने लगेगी।
13 विमानों का मिलेगा पूरा मालिकाना हक
समझौते के तहत स्पाइसजेट को ईडीसी के फाइनेंस किए हुए Q400 के 13 विमानों का पूरा मालिकाना हक मिल जाएगा। इससे कंपनी की ऑपरेशनल क्षमता और फ्लीट मैनेजमेंट को बढ़ावा मिलेगा। विमानन कंपनी का कहना है कि इस समझौते से उसकी वित्तीय स्थिरता को अहम सपोर्ट मिलेगा। कंपनी के चेयरमैन और एमडी अजय सिंह ने कहा कि इससे कंपनी की बैलेंस शीट को मजबूत करने और लॉन्ग टर्म की सफलता के लिए कंपनी की स्थिति को मजबूत करने में मदद मिलेगी। कंपनी पिछले कुछ महीने से कई कंपनियों के साथ सेटलमेंट पर काम कर रही है जिसमें एक तो लीज पर विमान देने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी Aercap है।