SS Retail Share Price: एसएस रिटेल के शेयरों को 14 अक्तूबर को पंख लग गए। इसकी वजह जून तिमाही में कंपनी का शानदार प्रदर्शन है। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 61 फीसदी बढ़कर 24 करोड़ रुपये रहा। रेवेन्यू में भी अच्छी ग्रोथ देखने को मिली। इसका असर बुधवार को कंपनी के शेयरों पर दिखा।
जून तिमाही में रेवेन्यू, प्रॉफिट में रिकॉर्ड उछाल
SS Retail का शेयर 11:30 बजे 14.68 फीसदी चढ़कर 793 रुपये पर चल रहा था। कंपनी का रेवेन्यू जून तिमाही में साल दर साल आधार पर 59 फीसदी बढ़कर 790 करोड़ रुपये रहा। EBITDA 51 फीसदी बढ़कर 45.4 करोड़ रुपये रहा। बेसिक और डायल्यूटेड अर्निंग्स प्रति शेयर भी बढ़कर 3.58 फीसदी रहा। मार्च तिमाही में यह 2.64 रुपये था।
पिछले महीने आया था कंपनी का आईपीओ
SS Retail का आईपीओ पिछले महीने आया था। कंपनी ने प्रति शेयर 424 रुपये के प्राइस पर इनवेस्टर्स को शेयर इश्यू किए थे। कंपनी का शेयर 23 सितंबर को 47 फीसदी प्रीमियम के साथ 624 रुपये पर लिस्ट हुआ था। यह आईपीओ 500 करोड़ रुपये का था। इस इश्यू को इनवेस्टर्स का स्ट्रॉन्ग रिस्पॉन्स मिला था।
इश्यू प्राइस से 88 फीसदी चढ़ा शेयर
कंपनी का शेयर इश्यू प्राइस से करीब 88 फीसदी चढ़ चुका है। जून तिमाही के नतीजों के बारे में कंपनी ने कहा है, "कंपनी की ग्रोथ में स्ट्रॉन्ग बिजनेस मोमेंटम, इम्प्रूविंग ऑपरेटिंग एफिशियंसीज और स्केलेबल रिटेल मॉडल का हाथ है।" कंपनी की मल्टी-ब्रांड रिटेल चेन है। कंपनी का फोकस मोबाइल फोन, एक्सेसरीज और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स पर रहा है।
लिस्टिंग के बाद नए अध्याय की शुरुआत
एसएस रिटेल के फाउंडर, चेयरमैन एवं एमडी सिद्धार्थ शाह ने कहा, "लिस्टिंग के बाद हमारे पहले नतीजों से एसएस रिटेल के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। इस दौरान साल दर साल आधार पर रेवेन्यू ग्रोथ 59 फीसदी, एबिड्टा ग्रोथ 51 फीसदी और टैक्स बाद प्रॉफिट ग्रोथ 61 फीसदी रही।"
FY28 में 750 स्टोर का टारगेट
उन्होंने कहा कि जून तिमाही के शानदार नतीजों को देखते हुए हमने FY28 के लिए 750 स्टोर का टारगेट रखा है। आगे स्टोर प्रोडक्टविटी में इम्प्रूवमेंट और ऑपरेटिंग लीवरेज से EBITDA मार्जिन बढ़ने की उम्मीद है। बुधवार को कंपनी के शेयर में तब जबर्दस्त तेजी दिखी, जब शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव था।
शेयर बाजार के सूचकांकों पर दबाव
11:30 बजे निफ्टी 0.18 फीसदी यानी 41 अंक गिरकर 22,672 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.15 फीसदी यानी 107 अंक की कमजोरी के साथ 72,928 पर चल रहा था। बैंक निफ्टी पर भी दबाव दिखा। BFSI शेयरों पर ज्यादा दबाव दिखा। श्रीराम फाइनेंस का शेयर 3.64 फीसदी नीचे चल रहा था। बैंक ऑफ बड़ौदा में भी 3 फीसदी से ज्यादा तेजी दिखी।