ऑप्टिकल कनेक्टिविटी सॉल्यूशंस उपलब्ध कराने वाली स्टरलाइट टेक्नोलोजिज के शेयरों में सोमवार, 3 अगस्त को अच्छी तेजी रही। बीएसई पर शेयर पिछले बंद भाव से 5 प्रतिशत उछला और 584.30 रुपये पर अपर सर्किट लगा। इसकी वजह है कंपनी को 960 करोड़ रुपये का एक कॉन्ट्रैक्ट मिलना। शनिवार, 1 अगस्त को स्टरलाइट टेक ने शेयर बाजारों को बताया था कि उसे एक घरेलू टेलिकॉम ऑपरेटर से यह कॉन्ट्रैक्ट मिला है। यह ग्राहक की जरूरतों के अनुसार ऑप्टिकल फाइबर केबल की सप्लाई के लिए है।
स्टरलाइट टेक को ऑप्टिकल कनेक्टिविटी प्रोडक्ट बनाने में 30 साल से ज्यादा का अनुभव है। कंपनी AI रेडी इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने, FTTx, रूरल कनेक्टिविटी, एंटरप्राइज और डेटा सेंटर नेटवर्क्स के लिए एंड-टू-एंड सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, नया मिला 960 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट एक मल्टी ईयर सप्लाई एग्रीमेंट है। इसकी अवधि 2 साल है लेकिन इसे आपसी सहमति से और 2 साल के लिए बढ़ाया जा सकता है। यह डील रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शन के तहत नहीं आती है।
Sterlite Tech का शेयर 3 महीनों में करीब दोगुना कर चुका है पैसा
कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 3 महीनों में निवेशकों की दौलत लगभग डबल कर चुका है। साल 2026 में अब तक शेयर 470 प्रतिशत की तेजी देख चुका है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 684.45 रुपये और एडजस्टेड लो 84.65 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 30000 करोड़ रुपये के पार चला गया है। शेयर में सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी दिन तेजी है। लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में अपर सर्किट लगा है।
कंपनी का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा 125 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस बीच रेवेन्यू 929 करोड़ रुपये रहा। पूरे वित्त वर्ष 2026 के लिए स्टरलाइट टेक का स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा 2 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 2,446 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।