Stock Market Crash: सेंसेक्स 700 अंक टूटकर बंद, निवेशकों की दौलत से ₹2 लाख करोड़ साफ

Stock Market Crash: पश्चिम एशिया में संघर्ष विराम को लेकर शनिवार को पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच हुई 21 घंटे की बातचीत बेनतीजा रही। दूसरे एशियाई बाजारों में भी गिरावट है। कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को फिर से पार कर गई है

अपडेटेड Apr 13, 2026 पर 4:33 PM
Story continues below Advertisement
बड़ी गिरावट के बीच BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 4,49,13,555.17 करोड़ रुपये हो गया।

भारतीय शेयर बाजारों के लिए 13 अप्रैल का दिन बेहद खराब रहा। पिछले हफ्ते शुक्रवार को तेजी देखने वाला मार्केट सोमवार को धराशायी हो गया। सेंसेक्स लाल निशान में 75,937.16 पर खुला। इसी तरह निफ्टी भी 23,589.60 पर खुला। खुलने के कुछ पलों के अंदर ही सेंसेक्स ने पिछली क्लोजिंग से 1681.93 अंकों की बड़ी गिरावट देखी और 75,868.32 के लो तक चला गया। निफ्टी 495 अंक तक लुढ़ककर 23,555.60 के लो गया गया। बाद में सेंसेक्स 702.68 अंक या 0.91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,847.57 पर बंद हुआ। निफ्टी 207.95 अंक या 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,842.65 पर बंद हुआ।

मार्केट में इस बड़ी गिरावट के बीच BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 4,49,13,555.17 करोड़ रुपये हो गया। शुक्रवार, 10 अप्रैल को यह 4,51,23,484.10 करोड़ रुपये था। इसका मतलब हुआ कि 2,09,928.93 करोड़ रुपये की कमी।

गिरावट के अहम कारण


पश्चिम एशिया में संघर्ष विराम को लेकर शनिवार को पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच हुई 21 घंटे की बातचीत बेनतीजा रही। टेंशन बढ़ने से कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को फिर से पार कर गई है। इसके चलते निवेशकों का सेंटिमेंट बिगड़ा है। ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा कि अमेरिकी पक्ष की अत्यधिक मांगों के कारण बातचीत बिना किसी समझौते के खत्म हो गई।

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने कहा कि ईरान द्वारा अपने परमाणु कार्यक्रम से पीछे न हटने के कारण शांति समझौता नहीं हो सका। बातचीत के लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जे डी वेंस ने ही किया। अब अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की नौसेना आज यानी 13 अप्रैल से महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी शुरू करेगी।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को रुपया 56 पैसे टूटकर 93.39 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर आ गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अस्थिर भू-राजनीतिक स्थिति के बीच अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने से रुपये पर दबाव बना हुआ है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.30 पर खुला। रुपया शुक्रवार को 32 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.83 पर बंद हुआ था।

SpiceJet का शेयर 4 दिनों में 21% मजबूत, लगातार चौथी बार हिट किया अपर सर्किट

ग्लोबल मार्केट्स का हाल

दूसरे एशियाई बाजारों में जापान के निक्केई, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी और हॉन्ग कॉन्ग के हेंग सेंग में लगभग 1 प्रतिशत की गिरावट है। ताइवान वेटेड और जकार्ता कंपोजिट मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में हैं। यूरोपीय बाजार भी लाल निशान में हैं।

पिछले हफ्ते कितना उछला बाजार

10 अप्रैल को खत्म हुए पिछले कारोबारी सप्ताह में सेंसेक्स ने कुल 4,230.7 अंक या 5.77 प्रतिशत की छलांग लगाई। वहीं निफ्टी में 1,337.5 अंक या 5.88 प्रतिशत की बढ़त रही। शुक्रवार को सेंसेक्स 918.60 अंकों की बढ़त के साथ 77,550.25 पर और निफ्टी 275.50 अंकों की बढ़त के साथ 24,050.60 पर बंद हुआ।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।