Stock Market Holidays: गुरुवार 15 जनवरी को बंद रहेगा शेयर बाजार, जानिए NSE ने क्यों बदला फैसला

Stock Market Holidays: 15 जनवरी 2026, गुरुवार को BSE और NSE पर ट्रेडिंग बंद रहेगी। NSE ने आधिकारिक सर्कुलर जारी किया है। किसी प्रमुख सेगमेंट में कारोबार नहीं होगा। जानिए इस छुट्टी की वजह और 2026 के बाकी मार्केट हॉलिडे के बारे में।

अपडेटेड Jan 12, 2026 पर 6:29 PM
Story continues below Advertisement
साल 2026 में शेयर बाजार कुल 16 दिन बंद रहेंगे।

Stock Market Holidays: महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों के चलते BSE और NSE में गुरुवार, 15 जनवरी 2026 को कोई ट्रेडिंग नहीं होगी। यह जानकारी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की ओर से जारी सर्कुलर में दी गई है।

NSE ने अपने नए सर्कुलर में कहा है कि पहले जारी नोटिफिकेशन में आंशिक बदलाव करते हुए अब 15 जनवरी 2026 को कैपिटल मार्केट (CM) सेगमेंट में ट्रेडिंग हॉलिडे घोषित किया जा रहा है। यह छुट्टी महाराष्ट्र में होने वाले नगर निगम चुनावों के कारण दी गई है।

इससे पहले एक्सचेंज ने कहा था कि 15 जनवरी को ट्रेडिंग खुलेगी, लेकिन सिर्फ सेटलमेंट हॉलिडे रहेगा। अब नए आदेश के बाद पूरे दिन बाजार बंद रहेंगे।


किन-किन सेगमेंट में नहीं होगा कारोबार

नए नोटिफिकेशन के मुताबिक, 15 जनवरी को BSE और NSE दोनों पर इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (SLB), करेंसी डेरिवेटिव्स और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स में कोई ट्रेडिंग नहीं होगी।

इसके अलावा, कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में सुबह का सत्र भी बंद रहेगा।

महाराष्ट्र सरकार का सार्वजनिक अवकाश

नगर निगम चुनावों को सुचारू रूप से कराने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने 15 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश Negotiable Instruments Act के तहत घोषित किया गया है।

यह छुट्टी राज्य की 29 नगर निगमों में लागू होगी। इनमें मुंबई सिटी और मुंबई सबअर्बन जिले भी शामिल हैं, जहां Brihanmumbai Municipal Corporation (BMC) के तहत चुनाव हो रहे हैं।

मुंबई में पूरी तरह लागू रहेगा आदेश

यह अवकाश पूरे मुंबई शहर, पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में लागू रहेगा। सरकारी और अर्ध-सरकारी दफ्तर, सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयां, बैंक और अन्य संस्थान बंद रहेंगे। यह आदेश उन मतदाताओं पर भी लागू होगा, जो मुंबई में पंजीकृत हैं लेकिन काम के कारण शहर से बाहर रहते हैं, ताकि वे मतदान कर सकें।

नगर निगम चुनावों के लिए डाले गए वोटों की गिनती 16 जनवरी 2026 को की जाएगी। इससे पहले 2017 के नगर निगम चुनावों के दौरान भी शेयर बाजार बंद रखे गए थे।

2026 में कितने दिन बंद रहेंगे शेयर बाजार

साल 2026 में शेयर बाजार कुल 16 दिन बंद रहेंगे। इनमें से चार छुट्टियां शनिवार या रविवार को पड़ रही हैं, जब बाजार वैसे भी बंद रहते हैं।

मार्च 2026 में सबसे ज्यादा छुट्टियां रहेंगी। इस महीने बाजार 3 मार्च (होली), 26 मार्च (श्रीराम नवमी) और 31 मार्च (श्री महावीर जयंती) को बंद रहेंगे।

वहीं, फरवरी, जुलाई और अगस्त में कोई प्रभावी बाजार अवकाश नहीं होगा। क्योंकि इन महीनों की कई राष्ट्रीय छुट्टियां वीकेंड पर पड़ रही हैं।

TCS Q3 Results: नए लेबर कोड्स से TCS को लगा ₹2128 करोड़ का झटका, मुनाफे पर भी दिखा असर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।