Share Market: शेयर बाजार में भारी उठापटक, Sensex ने अचानक 1,000 अंकों की लगाई छलांग, जानें कारण

Share Market: शेयर बाजार में दोपहर 12 बजे के करीब अचानक से तेज उछाल आई और सेंसेक्स अपने दिन के निचले स्तर से 1,000 अंक उछल गया। दोपहर 12.20 बजे के करीब, सेंसेक्स करीब 600 अंक उछलकर 81,621.58 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी 150 अंक से उछलकर 24,648 के स्तर पर पहुंच गया। आईटी शेयरों के साथ-साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज और HDFC बैंक में मजबूत खरीदारी देखने को मिली

अपडेटेड Dec 05, 2024 पर 1:32 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Share Market: सेंसेक्स के शेयरों में, इंफोसिस में सबसे अधिक 1.5 प्रतिशत की तेजी देखी गई

Share Market: शेयर बाजार में आज 5 दिसंबर को निफ्टी F&O की एक्सपायरी के दिन काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त के साथ खुलने के बाद शुरुआती कारोबार में लाल निशान में फिसल गए। हालांकि दोपहर 12 बजे के करीब अचानक से तेज उछाल आई और सेंसेक्स अपने दिन के निचले स्तर से 1,000 अंक उछल गया। दोपहर 12.20 बजे के करीब, सेंसेक्स करीब 600 अंक उछलकर 81,621.58 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी 150 अंक से उछलकर 24,648 के स्तर पर पहुंच गया। आईटी शेयरों के साथ-साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज और HDFC बैंक जैसे दिग्गज शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली।

सेंसेक्स के शेयरों में, इंफोसिस में सबसे अधिक 1.5 प्रतिशत की तेजी देखी गई। इसके बाद टीसीएस और रिलायंस इंडस्ट्रीज का स्थान रहा और दोनों शेयर करीब 1.1 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। गिरावट की बात करें तो NTPC में सबसे ज्यादा 1.3 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। जबकि एशियन पेंट्स और नेस्ले इंडिया में क्रमशः 1 प्रतिशत और 0.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

वहीं सेक्टोरल इंडेक्स में, निफ्टी आईटी इंडेक्स सबसे ज्यादा 1.2 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था। इसके बाद Nifty बैंक और FMCG का स्थान रहा। दोनों में 0.5 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, निफ्टी फार्मा और रियल्टी सेक्टर में 0.3 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई।


शेयर बाजार में क्यों आ रहा उतार-चढ़ाव?

शेयर बाजार की नजरें इस समय भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक पर टिकी हुई है। बैठक के नतीजों का ऐलान कल 6 दिसंबर को किया जाएगा। मनीकंट्रोल की ओर से इकोनॉमिस्ट, बैंकरों और फंड मैनेजरों के बीच कराए एक पोल के मुताबिक, RBI की कमेटी लगातार 11वीं बार ब्याज दरों में बदलाव नहीं करने का फैसला कर सकती है। हालांकि, ऐसी अटकलें हैं कि जीडीपी ग्रोथ में आई सुस्ती को देखते हुए RBI बैंकों के कैश रिजर्व रेशियो (CRR) को कम करने पर विचार कर सकता है।

मार्केट एक्सपर्ट्स का क्या है कहना?

मेहता इक्विटीज के एनालिस्ट्स प्रशांत तापसे ने कहा, "इस समय RBI MPC की बैठक के नतीजों से पहले बाजार में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। कुछ लोगों को कैश रिजर्व रेशियो (CRR) में कटौती की उम्मीद है, जो मॉनिटरी पॉलिसी में ढील देने का संकेत होगा। हालांकि आरबीआई गवर्नर ने ऐसा कोई कदम उठाने का सुझाव नहीं दिया है। हालांकि, वित्त मंत्री सीतारमण ने ग्रोथ को सपोर्ट देने के लिए दरों में कटौती की अपील की है। इसके बावजूद, आरबीआई महंगाई दर के अपने 4% लक्ष्य से ऊपर रहने को लेकर चिंतित है। हमें इस बैठक में दरों में कटौती की उम्मीद नहीं है, क्योंकि आरबीआई दरों में ढील देने से पहले और आर्थिक आंकड़ों का इंतजार करेगा।"

Nifty के लिए अगला रेजिस्टेंस 24,800

तापसे ने कहा कि टेक्निकल मोर्चे पर निफ्टी के लिए अगला रेजिस्टेंस 24,800 के आसपास है। अगर हम इस सप्ताह इस स्तर के ऊपर बंद होने में कामयाब रहते हैं तो बाजार अगले आने वाले सप्ताह में बहुत जल्द 25,000 को छू सकता है। कुल मिलाकर रुझान पॉजिटिव है लेकिन 25000 तक पहुंचने की यात्रा उतार-चढ़ाव भरी होगी।

FIIs भी भारतीय शेयर बाजार पर बुलिश

इस बीच लगातार 2 महीने तक भारतीय शेयर बाजार से पैसा निकालने के बाद अब विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) एक बार फिर से वापस लौटते हुए दिख रहे हैं। इससे भी निवेशकों का सेंटीमेंट बेहतर हुआ है।

NSDL के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने 2 और 3 दिसंबर को भारतीय शेयर बाजार में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया। वहीं NSE के अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक, उन्होंने 4 दिसंबर को 1,797 करोड़ रुपये का निवेश किया। इससे पहले अक्टूबर में उन्होंने 94,017 करोड़ रुपये और नवंबर में 21,612 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की थी।

यह भी पढ़ें- Zomato में धड़ाधड़ खरीद, ब्रोकरेज के भरोसे से शेयर ने छुआ नया हाई; Swiggy ने भी लगाई 11% की छलांग

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।