Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों की शुरुआत बुधवार 28 दिसंबर को तेजी के साथ हुई थी। हालांकि दिन बढ़ने के साथ इन्होंने अपनी बढ़त खो दी और कारोबार के अंत में मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक आज सेंसेक्स (Sensex) जहां 17.15 अंक या करीब 0.028 फीसदी गिरकर 60,910.28 अंक पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक निफ्टी (Nifty) 9.80 अंक या 0.054 फीसदी की गिरावट के साथ 18,136.35 के स्तर पर बंद हुआ। इन दोनों इंडेक्सों के मुकाबले BSE मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स आज क्रमश: 0.23% और 0.45% की बढ़त के साथ बंद हुए।
निवेशकों की पूंजी ₹70 हजार करोड़ बढ़ी
उतार-चढ़ाव भरे इस कारोबार के बीच आज शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में करीब 70 हजार करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। BSE में लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन (Market Capitalisation) बुधवार को बढ़कर 281.12 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार 27 दिसंबर को 280.42 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में आज 70 हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में सबसे अधिक उछाल
सेंसेक्स के 30 में से 14 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। जिन 5 शेयरों में आज सबसे अधिक उछाल देखी गई, उनमें क्रमश: टाइटन (Titan), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki)), पावर ग्रिड (Power Grid) और इंडसइंड बैंक (Indusind Bank) शामिल हैं। ये सभी शेयर आज 0.64 फीसदी से लेकर 2.74 फीसदी तक की तेजी के साथ बंद हुए हैं।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर आज सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के कुल 16 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए हैं। इसमें भी भारती एयरटेल (Bharti Airtel) में 1.44% की सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा एक्सिस बैंक (Axis Bank), बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv), टाटा स्टील (Tata Steel) और अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) भी आज 0.87 फीसदी से लेकर 1.10 फीसदी तक की गिरावट के साथ बंद हुए हैं।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2039 शेयर तेजी के साथ हुए बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज 3,629 शेयरों में कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,080 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 1,398 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 151 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।