Market news : GIFT Nifty से मिल रहे अच्छे संकेतों को देखते हुए लगता है कि भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स BSE सेंसेक्स और निफ्टी 12 जून को मजबूत शुरुआत के लिए तैयार हैं। शुरुआती कारोबार में गिफ्ट निफ्टी बढ़त के साथ 23,512.5 के आसपास ट्रेड कर रहा था। यह घरेलू इक्विटी बाजार में मज़बूत ओपनिंग का संकेत है। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूची जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
काफी उतार-चढ़ाव भरे सेशन में भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स 11 जून को गिरावट के साथ बंद हुए। सभी सेक्टरों में आई बिकवाली के कारण निफ्टी 23,200 के लेवल से नीचे बंद हुआ। हालांकि,फार्मा,प्राइवेट बैंक और मीडिया शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया और बढ़त के साथ बंद हुए। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 150.63 अंक या 0.20 प्रतिशत गिरकर 73,832.55 पर और निफ्टी 53.35 अंक या 0.23 प्रतिशत गिरकर 23,161.60 पर बंद हुआ।
सुबह 8.12 बजे के आसपास गिफ्ट निफ्टी 58 अंक यानी 0.25 फीसदी की बढ़त के साथ 23,461 के स्तर पर दिख रहा था।
एशियाई शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिल रही है। गिफ्ट निफ्टी करीब 60 अंक यानी 0.25 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं,जापान के निक्केई में 3.60 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है। स्ट्रेट टाइम्स भी 0.62 फीसदी की बढ़त दिखा रहा है। हैंग सेंग में भी 1.37 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। ताइवानी बाजार में 2.47 फीसदी की तेजी दिख रही है। कोस्पी 7.21 फीसदी की बढ़त दिखा रहा है। वहीं,शांघाई कंपोजिट में 1.49 फीसदी की तेजी नजर आ रही है।
गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर तय हमले रद्द करने के बयान और एलन मस्क की कंपनी स्पेस-एक्स (SpaceX) के बाजार में आने से ठीक पहले इंडेक्स में बढ़त नजर आई।
डाओ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 929.97 अंक (यानी 1.86%) बढ़कर 50,848.75 पर बंद हुआ। S&P 500 में 127.31 अंक (यानी 1.75%) की बढ़त देखने को मिली और यह 7,394.30 पर बंद हुआ। नैस्डैक कम्पोजिट 640.16 अंक (यानी 2.54%) बढ़कर 25,809.66 पर बंद हुआ।
शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में डॉलर में मजबूत देखने को मिली है। इससे पहले,मिडिल ईस्ट में युद्धविराम समझौते की संभावना की खबरों के बीच यह एक हफ्ते के निचले स्तर पर आ गया था। फिलहाल डॉलर इंडेक्स 99.80 के स्तर पर दिख रहा है।
10-साल और 2-साल की ट्रेजरी पर यील्ड मामूली रूप से बढ़कर 4.47% और 4.07% हो गई है।
एशियाई करेंसीज में मिलाजुला कारोबार
गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले एशियाई करेंसी में मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। इस क्षेत्र में दक्षिण कोरियाई वॉन में सबसे ज़्यादा 0.88 प्रतिशत की बढ़त आई है।इसके बाद फिलीपीन पेसो में 0.42 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। मलेशियन रिंगित में भी 0.26 प्रतिशत की बढ़त हुई है। जबकि ताइवान डॉलर और चीनी रेनमिनबी में 0.09 प्रतिशत और 0.02 प्रतिशत की मामूली बढ़त दिख रही है।
दूसरी ओर इंडोनेशियाई रुपया अपने एशियाई साथियों के बीच सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली करेंसी बनी है। इसमें डॉलर के मुकाबले 0.25 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिल रही है। जापानी येन में 0.17 प्रतिशत की कमजोरी आई है। जबकि सिंगापुर डॉलर और थाई बहत में 0.09 प्रतिशत और 0.03 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिल रही है।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने लगातार 12वें ट्रेडिंग सेशन में भी नेट सेलिंग की। हालांकि पिछले चार सेशन में पैसे बाहर निकलने की रफ्तार थोड़ी कम हुई है। 11 जून को FIIs ने 1,987 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इसके विपरीत, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने बाजार को मजबूत सहारा देना जारी रखा और लगातार 18वें सेशन में भी खरीदारी की। 11 जून को DIIs ने 4,224 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।