Stock Market Today : बाजार पर आज इन खबरों का दिखेगा असर, कोई ट्रेड लेने से पहले इन पर डाल लें एक नजर
Stock Market News : डेली चार्ट पर निफ्टी अपने पिछले स्विंग हाई से नीचे चला गया है। ये तेजी की भावना में गिरावट का संकेत देता है। एलकेपी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक रूपक डे का कहना है कि कंसोलीडेशन के बाद इंडेक्स में करेक्शन हुआ। ये बाजार में मंदी आने की पहला संकेत है। आज निफ्टी को 19878 पर पहला सपोर्ट मिल सकता है
Stock Market : 20 सितंबर को भारतीय बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 3110.69 करोड़ रुपए की बिकवाली की। इस दिन घरेलू संस्थागत निवेशकों ने भी 573.02 करोड़ रुपए की बिकवाली की।
Stock Market News : गिफ्टी निफ्टी से मिल रहे संकेत से सेंसेक्स -निफ्टी के 21 सितंबर को हल्की बढ़त के साथ या सपाट शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं। गिफ्टी निफ्टी 7.5 अंक की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। पिछले कारोबारी दिन की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स 796 अंक या 1.18 फीसदी गिरकर 66,801 पर बंद हुआ था। जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 232 अंक या 1.15 फीसदी गिरकर 19901 पर बंद हुआ था। 20 सितंबर को निफ्टी ने डेली चार्ट पर एक बियरिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया था।
डेली चार्ट पर निफ्टी अपने पिछले स्विंग हाई से नीचे चला गया है। ये तेजी की भावना में गिरावट का संकेत देता है। एलकेपी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक रूपक डे का कहना है कि कंसोलीडेशन के बाद इंडेक्स में करेक्शन हुआ। ये बाजार में मंदी आने की पहला संकेत है। उन्हें लगता है कि शॉर्ट टर्म में निफ्टी में 19700-19630 तक की गिरावट आ सकती है। रूपक डे की राय है कि जब तक निफ्टी 20000 अंक से नीचे रहता है, तब तक उछाल में बिकवाली सबसे बेहतर रणनीति साबित हो सकती है।
पिवट प्वाइंट कैलकुलेटर से संकेत मिलता है कि निफ्टी को 19878 पर पहला सपोर्ट मिल सकता है, इसके बाद 19837 और 19772 पर अगले बड़े सपोर्ट नजर आ रहे हैं। वहीं, ऊपर की तरफ इसके लिए 20009 तत्काल रजिस्टेंस हो सकता है, इसके बाद 20,050 और 20,116 पर अगले रजिस्टंस हो सकते हैं।
करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूचि जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
21 सितंबर को होने वाली निवेशकों की बैठक
एचडीएफसी बैंक: कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी जेपी मॉर्गन - उभरते बाजार क्रेडिट सम्मेलन में भाग लेंगे।
पॉलीकैब इंडिया: कंपनी के अधिकारी गोल्डमैन सैक्स के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे।
राजरतन ग्लोबल वायर: कंपनी के अधिकारी नालंदा कैपिटल से मिलेंगे।
सफारी इंडस्ट्रीज: कंपनी का प्रबंधन एलिफेंट एसेट मैनेजमेंट के साथ बातचीत करेगा।
अदानी ग्रीन एनर्जी: कंपनी के अधिकारी नोमुरा द्वारा आयोजित क्रेडिट इन्वेस्टर कॉन्फ्रेंस में भाग लेंगे।
स्टर्लिंग टूल्स: कंपनी के अधिकारी निवेशकों और विश्लेषकों के साथ बातचीत करेंगे।
लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी: कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी वैलोरेम एडवाइजर्स से मिलेंगे।
सिग्निटी टेक्नोलॉजीज: कंपनी की वरिष्ठ प्रबंधन टीम मिरी कैपिटल के साथ बातचीत करेगी।
ब्रिगेड एंटरप्राइजेज: कंपनी का वरिष्ठ प्रबंधन सिंगापुर में श्रोडर्स एसेट मैनेजमेंट, ऑक्सबो कैपिटल, कोटक ऑफशोर, जानूस हेंडरसन इन्वेस्टर्स और यूजी फंड्स से मुलाकात करेगा।
एमटीएआर टेक्नोलॉजीज: अधिकारी संस्थागत निवेशकों के साथ बातचीत करेंगे।
फीनिक्स मिल्स: वरिष्ठ प्रबंधन टीम एलिफेंट एसेट मैनेजमेंट से मुलाकात करेगी।
गिफ्ट निफ्टी
GIFT निफ्टी 7.5 अंकों की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। इससे संकेत मिल रहा है कि आज सेंसेक्स-निफ्टी सपाट या हल्की तेजी के साथ शुरुआत कर सकते हैं। GIFT निफ्टी वायदा 20110 अंक का हाई बनाने के बाद 19958 अंक पर दिख रहा है।
FII और DII आंकड़े
20 सितंबर को भारतीय बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 3110.69 करोड़ रुपए की बिकवाली की। इस दिन घरेलू संस्थागत निवेशकों ने भी 573.02 करोड़ रुपए की बिकवाली की।
21 सितंबर को NSE पर 9 स्टॉक बलरामपुर चीनी मिल्स, बीएचईएल, चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स, डेल्टा कॉर्प, हिंदुस्तान कॉपर, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, मणप्पुरम फाइनेंस, पंजाब नेशनल बैंक और ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज F&O बैन में हैं। बताते चलें कि F&O सेगमेंट में शामिल स्टॉक्स को उस स्थिति में बैन कैटेगरी में डाल दिया जाता है, जिसमें सिक्योरिटीज की पोजीशन उनकी मार्केट वाइड पोजीशन लिमिट से ज्यादा हो जाती है।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त कमेंट्री से ग्लोबल बाजारों से कमजोर संकेत मिल रहे है। कल S&P 500 इंडेक्स 1 फीसदी तो नैस्डैक 1.5 फीसदी से ज्यादा फिसलकर बंद हुआ था। आज सुबह एशिया में भी नरमी देखने को मिल रही थी। अमेरिकी बाजार कल गिरावट के साथ बंद हुए। इस साल एक बार और दरें बढ़ने के संकेत ने दबाव बनाया है। 2024 में फेड का रुख सख्त बने रहने की आशंका है। 19 में 12 फेड सदस्य दरें बढ़ाने के पक्ष में थे। बॉन्ड यील्ड की तेजी ने भी बाजार पर दबाव बनाया।
अमेरिका में नहीं बदलीं ब्याज दरें
फेडरल रिजर्व ने इस बार के बैठक में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। अमेरिका में दरें 5.25-5.5 फीसदी पर बरकरार रखी गई हैं। इस फैसले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने कहा कि मंहगाई काबू लाना उनकी पहली प्राथमिकता है। इसलिए लंबे समय तक ब्याज दरें ऊंची रह सकती है। उन्होंने इस साल एक बार और दरों में बढ़ोतरी किए जाने के संकेत दिए हैं। जेरोम पॉवेल ने कहा कि दरें बढ़ाने का ये फैसला आंकड़ों पर निर्भर करेगा। मजबूत कंज्यूमर स्पेडिंग से अमेरिकी जीडीपी में बढ़ोतरी देखने को मिली है। ऐसे में जीडीपी बढ़ता का खतरा 2 फीसदी महंगाई लक्ष्य पर देखना है। साल 2026 तक अमेरिका में महंगाई दर 2 फीसदी तक संभव है।
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ी तेजी
फेड के फैसले के बाद अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बड़ी तेजी देखने को मिली। इसके साथ ही 2-साल का अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 5.19 फीसदी के साथ 17 सालों की ऊंचाई पर पहुंच गया। जबकि, 4.61 फीसकी के साथ 10-साल का अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 4.44 फीसदी के साथ पिछले 16 साल के शिखर पर नजर आया। 5-साल का अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 4.61 फीसदी और 30-साल का अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 4.47 फीसदी पर पहुंच चुका है।
यूरोपीय बाज़ार
यूरोपीय बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। पैन-यूरोपीय स्टॉक्स 600 सूचकांक 0.95 फीसदी ऊपर बंद हुआ था। अधिकांश सेक्टरों में बढ़त रही थी। ऑटो स्टॉक में 2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी। जबकि तेल और गैस में 0.6 फीसदी की गिरावट आई थी।
एशियाई बाजार
आज एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। निक्केई करीब 1.15 फीसदी की गिरावट के साथ 32,647.72 के आसपास दिख रहा है। वहीं, स्ट्रेट टाइम्स में 0.98 फीसदी की कमजोरी दिखा रहा है। ताइवान का बाजार 1.17 फीसदी गिरकर 16,341.94 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। जबकि हैंगसेंग 1.29 फीसदी गिरकर 17,653.47 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं, कोस्पी में फ्लैट कारोबार हो रहा है। वहीं शंघाई कम्पोजिट 0.51 फीसदी की बढ़त के साथ 3,092.80 के स्तर पर दिख रहा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।