Share Market Today: शेयर बाजार के लिए आज 24 मार्च को एक और शानदार दिन रहा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लगातार छठे दिन हरे निशान में बंद हुए। सेंसेक्स में 1078 अंकों की उछाल आई। वहीं निफ्टी बढ़कर 23,650 के पास पहुंच गया। यह इन दोनों इंडेक्सों पिछले एक महीने का सबसे ऊंचा स्तर है। इसके चलते निवेशकों को आज शेयर बाजार में करीब 5.19 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। इसके साथ ही निफ्टी का 2025 में रिटर्न अब पॉजिटिव हो गया है, जो निवेशकों के लिए एक बड़ी राहत की बात है। बैंकिंग और आईटी शेयरों में भारी खरीदारी, विदेशी निवेशकों की वापसी और बेहतर आर्थिक आंकड़ों के चलते निवेशकों को सेंटीमेंट मजबूत हुआ है। छोटे और मझोले शेयरों में भी शानदार तेजी देखने को मिली। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.32 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.17 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
