Stock Markets: अगली अर्निंग्स साइकिल में मिडकैप-स्मॉलकैप का बड़ा रोल, मोतीलाल ओसवाल के अजय खंडेलवाल ने बताई वजह

मोतीलाल एएमसी के फंड मैनेजर अजय खंडेलवाल ने कहा कि ग्रोथ अब निफ्टी 50 से इतर कंपनियों से आ रही है। इंडिया के ओवरऑल प्रॉफिट में निफ्टी कंपनियों की हिस्सेदारी घट रही है। 15 साल पहले प्रॉफिट में निफ्टी 50 कंपनियों की हिस्सेदारी करीब 65 फीसदी थी, जो अब 55 फीसदी पर आ गई है

अपडेटेड Feb 18, 2026 पर 2:52 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
18 फरवरी को निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में तेजी दिखी।

इंडिया में अर्निंग्स और इनवेस्टमेंट साइकिल का धीरे-धीरे विस्तार हो रहा है। अगले चरण की ग्रोथ निफ्टी 50 की दिग्गज कंपनियों से नहीं आएगी बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों से आएगी। मोतीलाल एएमसी के फंड मैनेजर अजय खंडेलवाल ने यह कहा। मनीकंट्रोल के म्यूचुअल फंड समिट 2026 के अहमदाबाद एडिशन में हिस्सा लेने आए खंडेलवाल ने स्टॉक मार्केट्स और इनवेस्टमेंट के बारे में कई अहम बातें बताईं।

अर्निंग्स को लेकर व्यावहारिक अनुमान

खंडेलवाल ने कहा कि अर्निंग्स को लेकर हमारी उम्मीद व्यावहारिक है। उन्होंने कहा, "हमने इस साल की शुरुआत करीब 12 फीसदी अर्निंग्स ग्रोथ के अनुमान के साथ की है। यह बेस सही है, कर्ज में कमी दिखी है और कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बाद मार्जिन में स्टैबिलिटी आई है।" उन्होंने कहा कि पिछली साइकिल में कपैसिटी में विस्तार कुछ कैपिटल इनटेंसिव (ज्यादा पूंजी की जरूरत वाले) सेक्टर्स तक सीमित था। इनमें सीमेंट, पावर और रोड शामिल थे। करेंट साइकिल की अगुवाई कैपिटल-लाइट और स्केलेबल कंपनियां कर रही हैं।


ग्रोथ अब निफ्टी 50 से इतर कंपनियों के आ रही

उन्होंने बताया कि ग्रोथ अब निफ्टी 50 से इतर कंपनियों से आ रही है। इंडिया के ओवरऑल प्रॉफिट में निफ्टी कंपनियों की हिस्सेदारी में धीर-धीरे कमी आई है। उन्होंने बताया कि 15 साल पहले प्रॉफिट में निफ्टी 50 कंपनियों की हिस्सेदारी करीब 65 फीसदी थी। आज यह करीब 55 फीसदी पर आ गई है। इसका मतलब है कि प्रॉफिट ग्रोथ निफ्टी से इतर कंपनियों से आ रही है। इस बदलाव में कंज्यूमर, इंडस्ट्रियल और मैन्युफैक्रिंग कंपनियों का हाथ है।

उतार-चढ़ाव सिर्फ स्मॉलकैप स्टॉक्स तक सीमित नहीं

खंडेलवाल ने इस सोच को खारिज कर दिया कि शेयरों की कीमतों में ज्यादा उतार-चढ़ाव सिर्फ स्मॉलकैप स्टॉक्स तक सीमित है। उन्होंने कहा, "अर्निंग्स निराशाजनक होने पर पर लार्जकैप स्टॉक्स में भी बड़ा करेक्शन देखने को मिल रहा है। उतार-चढ़ाव छोटी-बड़ी सभी कंपनियों के शेयरों में दिख रहा है।" कंट्रेरियन कॉल के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि मोतीलाल ओसवाल एएमसी हालिया गिरावट के बावजूद आईटी शेयरों को लेकर पॉजिटिव है। उन्होंने कहा कि एआई का इस्तेमाल अभी शुरुआती चरण में है। लेकिन, चीजें बहुत तेजी से बदल रही हैं।

यह भी पढ़ें: Stock Markets: फॉरेन इनवेस्टर्स की भारत में वापसी, US डील के बाद 2 अरब डॉलर का निवेश

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में उछाल

18 फरवरी को निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में तेजी दिखी। दोपहार बाद निफ्टी मिडकैप 100 0.46 फीसदी चढ़कर 60,149 प्वाइंट पर था। यह बीते एक साल में 20 फीसदी चढ़ा है। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.50 फीसदी की तेजी के साथ 17,233 प्वाइंट्स था। बीते एक साल में यह 11.74 फीसदी चढ़ा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।